नौतपा में कुदरत का यू-टर्न: दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से लुढ़का पारा, चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत
Nature's U-Turn During Nautapa
नई दिल्ली। Nature's U-Turn During Nautapa, नौतपा के चौथे दिन दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने अचानक दोपहर बाद करवट ली। तेज हवाओं के साथ घने बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि हुई, जिससे चिलचिलाती गर्मी और लू से लोगों को राहत मिली। नोएडा और दिल्ली के कई इलाकों में बादल छा गए हैं। गुरुग्राम में तेज बिजली चमक रही है और गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं, रेवाड़ी में ओले गिरने से मौसम पूरा बदल गया है।इसी बीच नारनौल में तेज आंधी से पारा गिर गया है।
इस बीच गुरुग्राम के पटौदी में आसमानी बिजली गिरने से एक घर की छत टूट गई। गिरते मलवे की चपेट में आने से एक नौ वर्षीय बच्चे का सिर फूट गया। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उसके सिर पर 15 टांके आए हैं। फिलहाल, उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

उधर, फरीदाबाद में भीषण गर्मी से परेशान शहरवासियों को शाम पांच बजे के बाद मौसम में परिवर्तन से राहत मिली। शाम सात बजे तेज गरज के साथ वर्षा शुरू हो गई। अचानक वर्षा होने के कारण ऑफिस से निकले नौकरी-पेशा वर्ग को परेशानी भी हुई। मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं, नोएडा में हल्की बारिश से मौसम ने नरम रूख अख्तियार कर लिया।

नौतपा के बीच राहत
हिंदू पंचांग के अनुसार मई के आखिरी दिनों में नौतपा शुरू हो गया है, जिसे वर्ष के सबसे गर्म नौ दिनों के रूप में जाना जाता है। आमतौर पर इन दिनों में तापमान चरम पर पहुंच जाता है, लेकिन इस बार नौतपा के पहले दिन ही मौसम ने राहत दी। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में यह बदलाव देखा जा रहा है।

क्या कह रहा है मौसम विभाग?
कई जगहों पर हल्की बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इससे अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के इस बदलाव को देखते हुए सतर्क रहें, बिजली गिरने के समय सुरक्षित जगह पर रहें और छाते-रेनकोट साथ रखें।

शाम ढलते ही बदल गया नजारा
गुरुवार की सुबह तेज धूप के साथ मौसम का कहर बरप रहा था। चिलचिलाती धूप ने सभी को हल्कान कर रखा था। हालांकि, दोपहर के बाद ही हवा का रूख बदलने लगा। शाम ढलते-ढलते एनसीआर के विभिन्न जिलों में बादल छाने और तेज हवा के झोंके चलने की सूचना आने लगी। इससे दिनभर की गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिल गई।
कई राज्यों में मौसम की करवट का पूर्वानुमान
बता दें कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में गुरुवार को मौसम में अचानक बदलाव देखे जाने की संभावना बताई जा रही थी। दरअसल, हिमालय क्षेत्र में उठे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया था। वहीं, कई स्थानों पर ओले भी गिरने का भी अंदेशा जताया गया था। शाम होते-होते मौसम में यही परिवर्तन देखा जा रहा है।