नाहन: हिमाचल पुलिस के डीएसपी विजय कुमार ने ऑल इंडिया शूटिंग प्रतियोगिता में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते
Nahan: Himachal Police DSP Vijay Kumar won two bronze medals
नाहन। मध्य प्रदेश के इंदौर में 24 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित हो रहे 19वीं ऑल इंडिया शूटिंग प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया है। भारतीय छठी रिजर्व बटालियन धौलाकुआं के डीएसपी विजय कुमार ने इस राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में ब्रॉन्ज़ मेडल और सेंटर फायर पिस्टल में भी ब्रॉन्ज़ मेडल जीता है।
ओलिंपिक में भी जीता है मेडल
बता दें कि डीएसपी विजय कुमार एक जाने माने शूटर हैं, जिन्होंने लगातार देश और राज्य का नाम रोशन किया है। इन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर भी देश के लिए कई पुरस्कार जीते हैं, जिसमें ओलिंपिक मेडल जीतना भी शामिल है, साथ ही वह देश भर के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का सोर्स बने हुए हैं।
2012 में जीता था ओलिंपिक मेडल
12 अगस्त 1985 को हमीरपुर के बड़सर में जन्मे विजय कुमार एक प्रमुख भारतीय निशानेबाज हैं। विजय ने 2012 के लंदन ओलिंपिक में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट में रजत पदक जीता था। इसके बाद वह हिमाचल प्रदेश पुलिस में बतौर डीएसपी सेवारत हैं।
कमांडेंट ने दी बधाई
भारतीय छठी रिजर्व बटालियन धौलाकुआं के कमांडेंट आईपीएस भागमल ठाकुर और हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब के कोच इंस्पेक्टर सुरेश कुमार चौहान ने हिमाचल प्रदेश पुलिस की पूरी टीम सहित डीएसपी विजय कुमार को उनके शानदार परफॉर्मेंस के बधाई दी है।
हिमाचल से 10 सदस्यों ने लिया भाग
बता दें कि इस राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब के 10 सदस्यों ने भाग लिया था, जिसमें सभी ने बेहतर प्रदर्शन किया।