महोबा : सड़क हादसे में बाल-बाल बचे विधायक बृजभूषण, हत्या की साजिश का आरोप; ट्रक ने काफिले की गाड़ी में मारी टक्कर

महोबा : सड़क हादसे में बाल-बाल बचे विधायक बृजभूषण, हत्या की साजिश का आरोप; ट्रक ने काफिले की गाड़ी में मारी टक्कर

MLA Brijbhushan has a Narrow Escape in a Road Accident

MLA Brijbhushan has a Narrow Escape in a Road Accident

MLA Brijbhushan has a Narrow Escape in a Road Accident: यूपी के महोबा में बड़ा हादसा होते-होते बच गया। शादी समारोह से बुधवार देर रात लौट रहे चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत की स्कॉर्पियो में एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में गनर-ड्राइवर और एक प्राइवेट कर्मी घायल हो गया, जबकि विधायक बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि हादसे के समय विधायक दूसरी गाड़ी में सवार थे। विधायक के पिता पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत इस घटना को साजिश बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बेटे को जान से मारने का प्रयास था। महादेव की कृपा से बेटा बच गया। वहीं पूरे मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने बताया कि बुधवार रात वे विवाह समारोह में शामिल होने के लिए हमीरपुर के मुस्करा गए थे। दोस्त के कहने पर अपनी स्कॉर्पियो छोड़ दूसरी गाड़ी से रात लगभग 1 बजकर 30 मिनट पर चरखारी लौट रहे थे। खरेला में संकट मोचन मंदिर के पास सामने से एक ट्रक तेजी से गलत दिशा से काफिले की ओर घुसता दिखा। इसपर चालक रविंद्र मिश्रा ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सड़क किनारे पटरी में उतार दिया और ट्रक ने मेरी स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो चालक जितेंद्र, सरकारी गनर श्याम सिंह और एक प्राइवेट कर्मी किशनपाल घायल हो गए। हादसे के बाद विधायक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके से भागने की फिराक में ट्रक चालक कुंदन महाजन को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक महाराष्ट्र भुसावल से केला लेकर कानपुर जा रहा था।

बेटे को जान से मारने का रचा षड़यंत्र

हादसे की खबर के बाद विधायक के पिता पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों का विरोध करने के बाद उनके बेटे को जान से मारने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। पूरे घटनाक्रम को साजिश करार देते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पदाधिकारियों और अधिकारियों को लिखित रूप से जानकारी दे चुके है। बेटे को मारने के लिए हमला कराया गया है। महादेव ने बेटे को बचा लिया। सूचना के बाद सीओ चरखारी दीपक दुबे ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि फील्ड यूनिट सहित पुलिस टीमों द्वारा गहनता से जांच कराई जा रही है। ट्रक चालक और क्लीनर से पूछताछ की जा रही है। विधायक प्रतिनिधि उदित राजपूत की तहरीर पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

पूर्व में डीजीपी से दर्ज कराई जा चुकी शिकायत

विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा कि लंबे समय से उन्हें धमकियां मिल रहीं है। इसकी लिखित शिकायत प्रदेश के डीजीपी और प्रमुख सचिव से की जा चुकी है। पिता पर फायरिंग हो चुकी है। चाचा की हत्या हो चुकी है। इसलिए कुछ भी हो सकता है। पूरे मामले को गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

एक और वायरल पोस्ट-- अभिमन्यु की तरह मेरे बेटे को घेरकर मारने की तैयारी

हादसे के बाद विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने एक और पोस्ट लिखी। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वायरल पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। बुंदेली भाषा में लिखी इस पोस्ट में पूर्व सांसद ने कहा कि वीर सपूत बेटा बृजभूषण को अभिमन्यु की तरह सब मिलकर मारने की फिराक में हैं। मैं अर्जुन की तरह गलती नहीं करूंगा। बुंदेलखंड की लड़ाई के लिए तलवार उठाई है। मेरे मरने पर मेरा बेटा बृजभूषण लड़ाई के लिए बचा रहे। पूर्व सांसद की पोस्ट के बाद सियासी गलियारों में पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।