यूपीपीसीएस 2024 में मथुरा के मेधावियों का जलवा, कई युवाओं ने हासिल की शानदार सफलता

यूपीपीसीएस 2024 में मथुरा के मेधावियों का जलवा, कई युवाओं ने हासिल की शानदार सफलता

Mathura Bright Minds Shine in UP PCS 2024

Mathura's Bright Minds Shine in UP PCS 2024

मथुरा। Mathura's Bright Minds Shine in UP PCS 2024, इस बार जिले के मेधावियों ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस 2024) की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। नेहा तोमर ने प्रदेश में 11वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। वर्तमान में भारतीय मौसम विभाग गुवाहाटी में सहायक वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत नेहा ने पांचवें प्रयास में सफलता हासिल की है।

मौसम विज्ञानी नेहा ने तैयारी के लिए लिया एआई का सहारा

शहर के वेस्ट प्रतापनगर महोली रोड निवासी नेहा तोमर अधिवक्ता प्रदीप तोमर व पूर्व शिक्षिका कृष्णा तोमर की पुत्री हैं। उनके भाई रजत ओएनजीसी में प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। चार नवंबर 2022 में उनकी शादी बलदेव के गढ़ी नाहर मगना निवासी रक्षा मंत्रालय में सेक्शन आफिसर धीरज कुमार सोलंकी के साथ हुई।

पति दो बार मुख्य परीक्षा कर चुके हैं पास

नेहा ने रमनलाल शेरावाला पब्लिक स्कूल से शिक्षा पूरी करने के बाद जीएलए से बीटेक व सचदेवा से एमटेक की डिग्री हासिल की। नेहा ने बताया, वह वर्ष 2019 से ही पीसीएस की तैयारी में जुटी थीं। उनके पति धीरज दो बार यूपीएससी की मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके थे, लेकिन साक्षात्कार में सफलता नहीं मिली। सफलता में मायके व ससुराल दोनों ही पक्षों ने उनका सहयोग किया, लेकिन उनके पति ने तैयारी करने में उनका बहुत सहयोग किया।

चैट, जीपीटी का सहारा लिया

नेहा ने खुद ही तैयारी की, चैट जीपीटी का सहारा लिया। नाैकरी के साथ प्रतिदिन चार घंटे पढ़ाई की। कविता लिखने की शौकीन नेहा ने युवाओं को बताया अच्छी पाठ्य सामग्री का चुनाव कर नोट्स बनाएं और नियमित अभ्यास करें। सफलता पर नेहा का ग्रामीण वीरेंद्र सिंह टीटी, महावीर सिंह, रमेश सिंह, विजय पाल सिंह, कालीचरण प्रधान ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।

शुभम चतुर्वेदी बनेंगे प्रशासनिक अधिकारी

शहर के चौबिया पाड़ा महौली की पौर के शुभम चतुर्वेदी ने पीसीएस में सफलता प्राप्त की। श्रद्धा और मनोज चतुर्वेदी के पुत्र शुभम की उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। शुभम की प्रारंभिक शिक्षा परमेश्वरी देवी धानुका विद्यालय से हुई। एनआइटी दुर्गापुर से उन्होंने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। उनके बड़े भाई और भाजपा नेता अनुराग चतुर्वेदी ने बताया कि शुभम बचपन से ही मेधावी रहे हैं

वेदिका बनीं असिस्टेंट कमिश्नर

वेदिका अग्रवाल ने पीसीएस की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) के पद पर जगह बनाई है। महाविद्या कालोनी निवासी सुनील अग्रवाल और सुमन अग्रवाल की पुत्री वेदिका की उपलब्धि से पूरे परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। वेदिका ने बीएसए कालेज से बीएससी की। उन्होंने बताया कि वह नियमित रूप से सात घंटे और परीक्षा के दौरान 10 से 13 घंटे पढ़ाई करती थीं। सफलता का श्रेय स्वजन व गुरुओं को दिया।

जमालपुर के मनीष बने तहसीलदार

फरह के गांव जमालपुर निवासी मनीष का चयन तहसीलदार के पद पर हुआ है। लाखन सिंह के पुत्र मनीष ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की है, उनकी 159 वीं रैंक आई है। उनके पिता लाखन सिंह ने बताया कि मनीष ने हाईस्कूल दीनदयाल धाम स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, इंटरमीडिएट ज्ञानदीप स्कूल व बीटेक बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से किया। मनीष के बाबा बंगाली सिंह लगातार 25 साल तक गांव के प्रधान रहे, अब वर्तमान में मनीष की भाभी बृजेश गांव की प्रधान हैं।

अपर नगर आयुक्त की पुत्री अक्षिता शगुन बनीं अफसर

मथुरा नगर निगम में तैनात अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार की पुत्री अक्षिता शगुन ने यूपीपीसीएस परीक्षा में 178वीं रैंक हासिल कर सफलता पाई है। अक्षिता अब जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर अपनी सेवाएं देंगी। अक्षिता का परिवार प्रशासनिक और राजनीतिक रसूख वाला रहा है। उनके दादा दिवंगत मुंशीलाल कांग्रेस सरकार में मंत्री व छह बार विधायक रहे, वहीं उनकी मौसी आईपीएस और मामा अपर जिला जज हैं।

दिल्ली यूपीवर्सिटी और जेएनयू की टॉपर रहीं

शैक्षणिक रूप से प्रतिभावान अक्षिता दिल्ली यूनिवर्सिटी और जेएनयू की टॉपर रही हैं। विदेश में नौकरी के आकर्षक प्रस्तावों को ठुकराकर उन्होंने देश में रहकर सिविल सेवा चुनने का निर्णय लिया। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने बेटी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अक्षिता का अगला लक्ष्य यूपीएससी उत्तीर्ण कर कलक्टर बनना है। उनकी इस उपलब्धि पर मथुरा नगर निगम के अधिकारियों ने बधाई दी है।

कृष्णांगी ने यूपीपीसीएस में पाई 48वीं रैंक

श्रीनिंबार्क जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य ब्रजकिशोर त्रिपाठी की बेटी कृष्णांगी त्रिपाठी ने यूपीपीसीएस की परीक्षा में 48वीं रैंक हासिल की है। कृष्णांगी त्रिपाठी को असिस्टेंट कमिश्नर के लिए चयनित किया गया है। कृष्णांगी त्रिपाठी ने बताया उनकी प्रारंभिक शिक्षा हनुमान प्रसाद धानुका में हुई। इसके बाद बीकाम आनर्स जीएलए विवि से किया।

यूपीपीसीएस की तैयारी करने के लिए दिल्ली में रहीं और यहां नेट जेआरएफ क्वालीफाई किया। इसके बाद घर पर ही आनलाइन तैयारी करते हुए यूपीपीसीएस की परीक्षा में 48 वीं रैंक हासिल कर राज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर पद के लिए चयन हुआ है। कृष्णांगी के पिता ब्रजकिशोर त्रिपाठी ने कहा बेटी की लगन, परिश्रम का परिणाम है कि उसे इतनी बड़ी सफलता मिली है।