बिहारी कॉलोनी में भीषण अग्निकांड: रेलवे लाइन के पास खड़ी गाड़ियां जलकर खाक
Massive fire in Bihari Colony: Vehicles parked near the railway
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के फर्श बाजार पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत बिहारी कॉलोनी में रेलवे लाइन के पास खड़े कई वाहनों में शुक्रवार को आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
आग इतनी भयंकर थी कि आसपास का इलाका धुएं से भर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पार्किंग में खड़े कई वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गए। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए फायर टेंडर्स लगातार काम कर रहे हैं।
आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है और आगे की जांच कर रही है।