Massive Fire Breaks Out in Chandigarh

चंडीगढ़ मोबाइल मार्केट में भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक, करोड़ों के नुकसान की आशंका

rk

Massive Fire Breaks Out in Chandigarh

बुधवार दोपहर चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ISBT के सामने मोबाइल मार्केट में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अचानक उठी लपटों और काले धुएं ने कुछ ही मिनटों में बाजार के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई दुकानों के जलने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत ‘एड्स मोबाइल’ नामक दुकान की पहली मंजिल से हुई। शुरुआत में हल्का धुआं दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास की दुकानों तक फैल गई। हालात ऐसे बन गए कि दुकानदार अपनी जान जोखिम में डालकर सामान बाहर निकालते नजर आए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गलियों और दुकानों की घनी बनावट के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग पर काबू पाने के लिए घंटों तक लगातार प्रयास जारी रहे।

यह मोबाइल मार्केट शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक है, जहां 100 से अधिक दुकानें मोबाइल फोन और एक्सेसरीज़ का कारोबार करती हैं। ऐसे में लाखों ही नहीं बल्कि करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आसपास खड़े अपने वाहन तुरंत हटा लें, ताकि बचाव कार्य में बाधा न आए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।