Man Arrested for Hoax Bomb

लखनऊ एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना देने वाला गिरफ्तार, शराब के नशे में किया था कॉल

time bom

Man Arrested for Hoax Bomb

उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय (अमौसी) हवाई अड्डे पर बम होने की झूठी सूचना देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की रात करीब 11:45 बजे एक व्यक्ति ने एयरपोर्ट पर बम रखे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं तथा पूरे हवाई अड्डे की गहन तलाशी ली। हालांकि, जांच के दौरान कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

जांच में सामने आया कि कॉल करने वाले ने झूठी सूचना देकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह किया था। इसके बाद उपनिरीक्षक नीशू चौधरी की शिकायत पर सरोजनीनगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे रविवार को दरोगा खेड़ा क्षेत्र के किसान पथ से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी श्याम सुंदर ने बताया कि वह शराब का आदी है और 24 जुलाई को नशे की हालत में उसने बम होने की झूठी सूचना दी थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी 11वीं तक पढ़ा-लिखा है और एक चमड़ा फैक्टरी में मजदूरी करता है।