Chamba DC Meets Families of Pangi

चंबा सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले डीसी मुकेश रेपसवाल, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

chamba

Chamba DC Meets Families of Pangi

चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने रविवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान किलाड़-उदयपुर सड़क मार्ग पर कढ़ू नाला के समीप हुई सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सात लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

उपायुक्त ने उप तहसील साच के अंतर्गत आने वाले साच, घिसल, हिलोर और घनाला गांवों का दौरा किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएंगे।

इस दौरान आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने कहा कि प्रशासन दुर्घटना प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों की समस्याओं और आवश्यकताओं का संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने उप तहसील साच, घिसल और हिलू टवान क्षेत्र के करीब 25 लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं। बिजली, सड़क और संपर्क मार्गों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके अलावा उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, साच का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में स्वीकृत बालिका छात्रावास (गर्ल्स हॉस्टल) के लिए भूमि चिन्हित करने तथा टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के संबंध में भी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।