सरकारी दफ्तरों और बैठकों में अब परोसी जा सकती है 'यूल टी', केंद्र ने सभी मंत्रालयों से की अपील
- By Gaurav --
- Monday, 27 Jul, 2026
Centre Urges Ministries to Serve
देशभर के केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, बैठकों, सम्मेलनों और कैंटीनों में जल्द ही 'यूल टी' (Yule Tea) परोसी जा सकती है। भारी उद्योग मंत्रालय ने आर्थिक तंगी का सामना कर रही सरकारी कंपनी एंड्रयू यूल एंड कंपनी लिमिटेड (AYCL) को समर्थन देने के लिए नई पहल शुरू की है।
मंत्रालय ने सभी केंद्रीय मंत्रालयों और सरकारी विभागों से अपील की है कि वे अपने कार्यालयों, परिसरों, बैठकों, सम्मेलनों और अन्य आधिकारिक आयोजनों में 'यूल टी' का उपयोग करें। साथ ही, विभागों से अपने अधीनस्थ संगठनों को भी इस सरकारी चाय ब्रांड के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया है।
यदि यह पहल व्यापक स्तर पर लागू होती है, तो AYCL को एक स्थिर संस्थागत बाजार मिलेगा, जिससे कंपनी की बिक्री और आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि एंड्रयू यूल एंड कंपनी लिमिटेड असम और पश्चिम बंगाल में स्थित 15 चाय बागानों का स्वामित्व और संचालन करती है। कंपनी प्रीमियम गुणवत्ता की ऑर्थोडॉक्स, CTC, ग्रीन और फ्लेवर्ड चाय का उत्पादन करती है।
दरअसल, हाल ही में उद्योग संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने सरकार को सिफारिश की थी कि AYCL के उत्पादों की बिक्री और उपयोग बढ़ाने के लिए विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए। इसी सिफारिश के आधार पर भारी उद्योग मंत्रालय ने सभी मंत्रालयों और विभागों को यह सुझाव भेजा है।