तीनपहाड़ स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, चार मोबाइल चोर गिरफ्तार

तीनपहाड़ स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, चार मोबाइल चोर गिरफ्तार

Major RPF Operation at Tinpahar Statio

Major RPF Operation at Tinpahar Statio

बरहड़वा (साहिबगंज)। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन परिसर में कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं में संलिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन और नगद 7,700 रुपये बरामद किए गए हैं। सभी आरोपित जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं।

जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को हुई चोरी की घटना के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में पाकुड़ से भागलपुर रेलखंड के बीच विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 28 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे तीनपहाड़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर दो पुरुष और दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले। पूछताछ के दौरान चारों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और अपनी उपस्थिति का कोई वैध कारण भी नहीं बता पाए।

संदेह गहराने पर तलाशी ली गई तो महिलाओं-चम्पा देवी (33) और लक्ष्मी देवी (38)-के पास से एक-एक चोरी का एंड्रॉयड मोबाइल और क्रमशः 3,700 व 4,000 रुपये नगद बरामद हुए। वहीं, पुरुष आरोपित जोगेंद्र पासी (38) और सपन पासी (40) के पास से भी दो चोरी के मोबाइल फोन मिले।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों की जेब और महिलाओं के बैग से चोरी करते थे। घटना के बाद वे मौके से हट जाते और हालात सामान्य होने पर फिर लौट आते थे। बरामद चारों मोबाइल की कुल कीमत करीब 35 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के बाद चारों को गिरफ्तार कर जीआरपी बरहड़वा को सौंप दिया गया, जहां कांड संख्या 19/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस अभियान में आरपीएफ की टीम के साथ सीपीडीएस मालदा और महिला कांस्टेबल भी शामिल थीं।