यमुना जल परियोजना पर बड़ी बैठक: दिल्ली में हुआ एमओए पर मंथन, जल्द एमओयू की तैयारी
Major meeting on Yamuna water project
Major meeting on Yamuna water project, दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के आवास पर आज यमुना जल परियोजना के एमओए (Memorandum of Agreement) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल हुए. बैठक के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित जल विवादों का समाधान लगातार हो रहा है.
"पानी विवाद पर हो रहा समाधान"
उन्होंने कहा कि राजस्थान-मध्य प्रदेश, हरियाणा-राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों के जल विवादों के समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है. जल्द इसका रास्ता निकल जाएगा.
"जल्द एमओयू किया जाएगा"
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान लंबे समय से यमुना के पानी की मांग कर रहा था. आज की बैठक में परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, और जल्द ही इस पर एमओयू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि समय आने पर एमओयू के बाद परियोजना पर तेजी से काम शुरू होगा.
"किसानों और आम जनता को लाभ होगा"
भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और हरियाणा के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान में पानी की आवश्यकता है, और इस परियोजना से राज्य को उसका हिस्सा मिलेगा. उन्होंने कहा कि बेहतर जल प्रबंधन से प्रदेश के किसानों और आम जनता को लाभ होगा तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.