हरियाणा के IAS अफसर पंकज अग्रवाल गिरफ्तार; CBI ने IDFC बैंक से जुड़े करोड़ों के सरकारी फंड गबन मामले में किया अरेस्ट
CBI Arrest Haryana IAS Officer Pankaj Agarwal in IDFC Bank Funds Scam
IAS Pankaj Agarwal Arrest: हरियाणा में IDFC बैंक से जुड़े करोड़ों के सरकारी फंड गबन मामले में IAS अधिकारियों के तार जुड़ते जा रहे हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले की जांच में अब हरियाणा के एक और सीनियर आईएएस अफसर पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। CBI ने आधिकारिक तौर से प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी है। पंकज अग्रवाल हरियाणा कैडर 2000 बैच के आईएएस अफसर हैं और अपने प्रशासनिक करियर में कई अहम और बड़े पदों पर रहे हैं।
IAS अफसर पंकज अग्रवाल की कोर्ट में पेशी
वहीं गिरफ्तारी के बाद आईएएस पंकज अग्रवाल को मंगलवार सुबह पंचकूला सीबीआई स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है। आईएएस अधिकारी की गिरफ्तारी से हरियाणा की ब्यूरोक्रेशी और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई है। बता दें कि सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए आईएएस पंकज अग्रवाल वर्तमान में हरियाणा सरकार के आर्किटेक्चर डिपार्टमेंट में प्रधान सचिव नियुक्त थे। वह इससे पहले हरियाणा राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) भी रह चुके हैं। हरियाणा में विधानसभा चुनाव 2024 पंकज अग्रवाल की अगुवाई में ही सम्पन्न हुआ था।
60 करोड़ से ज्यादा का गबन हुआ
IAS अफसर पंकज अग्रवाल की गिरफ्तारी का यह पूरा मामला 600 करोड़ रुपए से अधिक के IDFC बैंक के बहुचर्चित सरकारी फंड घोटाले से ही जुड़ा हुआ है। पंकज अग्रवाल पर आरोप है कि वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर और नियमों को ताक पर रखकर आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (सेक्टर-32, चंडीगढ़) की शाखा में खाते खोले गए और सरकारी फंड अवैध और फर्जी तौर से ट्रांसफर किया गया। खातों के जरिए फर्जी लेनदेन कर सरकारी धन के दुरुपयोग के चलते सरकारी खजाने को 60.54 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ।
6 दिनों के भीतर हरियाणा के 2 आईएएस अधिकारी गिरफ्तार
सीबीआई ने इस पूरे मामले में व्यापक जांच के बाद ही IAS अफसर पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पंकज अग्रवाल के खिलाफ अहम सबूत मिले हैं और अब रिमांड में लेकर मामले में उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। सीबीआई ने बताया कि जिस समय घोटाला हुआ, उस समय पंकज अग्रवाल शिक्षा विभाग और कृषि विभाग में प्रधान सचिव थे। ज्ञात रहे कि इससे पहले 18 जून को CBI ने हरियाणा के IAS अफसर आरके सिंह को गिरफ्तार किया था। मसलन 6 दिनों के भीतर हरियाणा के 2 आईएएस अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
IAS अफसर आरके सिंह को क्यों गिरफ्तार किया?
सीबीआई ने IAS अफसर आरके सिंह को पंचकूला नगर निगम से जुड़े सरकारी धन के गबन में भूमिका होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि आरके सिंह के पंचकूला नगर निगम आयुक्त रहते सरकारी पैसों का दुरुपयोग किया गया और अवैध तौर से चेक पास किए गए। सीबीआई के मुताबिक, यह मामला सेक्टर-32 स्थित IDFC फर्स्ट बैंक शाखा से जुड़े बड़े फंड घोटाले का हिस्सा है। फिलहाल आईएएस आरके सिंह न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं अब तक CBI इस मामले में 17 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी और अन्य लोग शामिल हैं।