Lucknow Coaching Fire: लखनऊ कोचिंग अग्निकांड; 4 अफसर सस्पेंड: 4 लोगों की गिरफ्तारी, योगी के आदेश पर SIT का गठन

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड; अब तक 4 अफसर सस्पेंड: 4 लोगों की हुई गिरफ्तारी, CM योगी के आदेश पर SIT का गठन, जांच जारी

Lucknow Coaching Fire Tragedy 4 Officers Suspended 4 People Arrested

Lucknow Coaching Fire Tragedy 4 Officers Suspended 4 People Arrested

Lucknow Coaching Fire Tragedy: लखनऊ कोचिंग अग्निकांड ने पूरे देश को दहला दिया है। जिसमें 15 लोगों की दर्दनाक मौत हुई है। मृतकों में स्टूडेंट्स शामिल हैं। इनमें 5 युवतियां और 10 युवक हैं। मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। आज सभी मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर इस भीषण अग्निकांड को लेकर योगी सरकार बेहद सख्त रुख और एक्शन में नजर आ रही है। सीएम योगी के आदेश पर घटना की उच्च स्तरीय जांच के लिए SIT का गठन किया गया है और 7 दिन में रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं FSL टीम मंगलवार सुबह उस जगह पर साक्ष्य जुटा रही है, जहां आग लगने की घटना हुई थी।

अब तक 4 अफसर सस्पेंड, 4 लोगों की हुई गिरफ्तारी

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड को लेकर योगी सरकार का पहला एक्शन भी सामने आया है। इस पूरी घटना में प्रथम दृष्टया जो अधिकारी जिम्मेदार पाए गए हैं उन्हें निलंबित किया गया है, और साथ ही कुछ लोगों की गिरफतारी की गई है। वहीं SIT की जांच रिपोर्ट आने के बाद जो दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जानकारी देते हुए बताया, "कल रात से 4 लोगों की गिरफ्तारी हुई है और 4 अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। SIT की जांच रिपोर्ट आने के बाद इसमें कड़ी कार्रवाई होगी, कोई बचेगा नहीं। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी नरमी के सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि घटना बहुत हृदय विदारक है और वह मृतकों के अंतिम संस्कार में जा रहे हैं, इसके साथ ही डिप्टी सीएम ने जानकारी दी है कि जो घायल अवस्था में हैं, वो खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। ऐसी कोई घटना आगे फिर से प्रदेश में न हो इसे लेकर सरकार सख्त और प्रभावी कदम उठा रही है। इसके संबंध में आदेश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। इसके अलावा कोचिंग सेंटरों और अन्य ऐसे संस्थानों और इमारतों में आग से बचाव के क्या इंतजाम किए गए हैं? क्या खतरा है? इसे लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। बता दें कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक रेसक्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद रहे।

अलीगढ़ से आनन-फानन में लखनऊ पहुंचे योगी

लखनऊ कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना और लोगों की मौत की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तुरंत एक्टिव मोड में नजर आए। जिस वक्त घटना हुई, वह अलीगढ़ एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने तुरंत सम्बोधन बीच में छोड़ा और लखनऊ की ओर रवाना हो गए. लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उस जगह का जायजा लिया, जहां आग लगने की घटना हुई और घटना में 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं घटनास्थल का जायजा लेने के बाद सीएम योगी किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज के संबंध में बातचीत की।

योगी ने DGP और ACS गृह से रिपोर्ट देने को कहा

बीते कल घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी ने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित परिवारों से संपर्क करें और हर संभव मदद दें और घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करें। किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी ने कहा था कि मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आग लगने की घटना में कुछ बच्चे चपेट में आए हैं और आग के कारण उनकी दुखद मौत हो गई है। सीएम योगी ने घटना के तुरंत बाद इस पूरे मामले में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, अपर प्रमुख सचिव (गृह) को कहा था कि वह स्वयं मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट उनके सामने प्रस्तुत करें.

मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये देने का ऐलान

योगी सरकार ने लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में मारे गए लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। इसके अलावा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सीएम ने कहा, यह दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं हो सकता। इस दुर्घटना में असमय काल-कवलित हुए लोगों के परिजनों को तत्काल 05-05 लाख और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है। सभी घायलों का समुचित उपचार कुशल चिकित्सकों के नेतृत्व में शीर्ष प्राथमिकता पर किया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले 15 मौतों पर प्रधानमंत्री मोदी ने गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

लखनऊ के अलीगंज स्थित बिल्डिंग में लगी थी आग

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जिस इलाके में आग का तांडव देखने को मिला। वह जगह अलीगंज है। अलीगंज इलाके में स्थित एक बिल्डिंग में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। इस बिल्डिंग में कोचिंग सेंटर चलाया जा रहा था। बिल्डिंग में लगी आग इतनी विकराल और भयानक थी की इस घटना में 15 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कई अन्य घायल हो गए। वहीं मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने बिल्डिंग में लगी आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत और जद्दोजहद करनी पड़ी।

जान बचाने के लिए छटपटाते रहे स्टूडेंट्स

बिल्डिंग में लगी आग इतनी तेजी से फैली की अंदर मौजूद लोग वहीं फंसकर रह गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोई जान बचाने के लिए नीचे कूदा तो कोई बिल्डिंग के अंदर ही जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा। लेकिन आग की लपटों की चपेट में पूरी बिल्डिंग आ चुकी थी। आग के बीच लोग जान बचाने के लिए छटपटाते रहे लेकिन जान नहीं बच सकी और 15 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन का कार्य किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। आग की घटना के बाद खुद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अन्य अधिकारी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद रहे।