हिमाचल में बड़ा बदलाव; CM का वेतन आधा, दूध महंगा और बिजली हुई सस्ती? जानें क्या सस्ता क्या महंगा

हिमाचल में बड़ा बदलाव; CM का वेतन आधा, दूध महंगा और बिजली हुई सस्ती? जानें क्या सस्ता क्या महंगा

Major Changes in Himachal

Major Changes in Himachal

शिमला। Major Changes in Himachal, हिमाचल में नए वित्त वर्ष के आगाज के साथ कई बड़े बदलाव होने जो रहे हैं। अब मुख्यमंत्री को अप्रैल से आधा वेतन मिलेगा। बुधवार से शुरू होने वाले नए वित्तीय वर्ष से इसे लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सिर्फ 50 प्रतिशत वेतन ही लेंगे। उपमुख्यमंत्री सहित मंत्रियों को छह माह के लिए 30 और विधायकों को 20 प्रतिशत तक कम वेतन मिलेगा।

बोर्ड और निगम के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित सलाहकारों का वेतन भी 20 प्रतिशत स्थगित रहेगा। आईपीएस, आईएफएस व आईएएस का वेतन 30 और अन्य अधिकारियों का 20 प्रतिशत तक स्थगित रहेगा। ग्रुप ए और बी अधिकारियों के वेतन का तीन प्रतिशत हिस्सा भी छह माह के लिए स्थगित रहेगा।

प्रदेश में गाय और भैंस का दूध होगा महंगा

सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पादों के एमएसपी में बढ़ोतरी की है। गेहूं, मक्का व अन्य फसलों का एमएसपी बढ़ाया है। हल्दी का एमएसपी 150 रुपये प्रति किलो किया है। अदरक का एमएसपी 30 रुपये तय किया है। गाय का दूध 61 व भैंस का 71 रुपये प्रति किलो की दर से सरकार खरीद करेगी।

अस्थायी कर्मचारियों का मानदेय व दैनिक दिहाड़ी भी बढ़ जाएगी। हालांकि इसके आदेश अलग से जारी होंगे लेकिन यह पहली अप्रैल से देय होंगे। प्रदेश में अब दिहाड़ी 450 रुपये प्रतिदिन मिलेगी। इसके अलावा जितनी भी श्रेणियां अस्थायी कर्मचारियों की हैं उन सभी का मानदेय भी बढ़ जाएगा।

घरेलू उपभोक्ताओं को एक पैसा प्रति यूनिट सस्ती बिजली

घरेलू उपभोक्ताओं को बुधवार से एक पैसा प्रति यूनिट बिजली सस्ती मिलेगी। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत नियामक आयोग का नया टैरिफ बुधवार से लागू होगा। ये कटौती घरेलू से औद्योगिक सभी पर लागू होगी। प्रदेश के अति निर्धन परिवारों को सरकार 300 यूनिट निःशुल्क बिजली भी देगी।

पहली अप्रैल से प्रदेश में शराब की नई दरें लागू होंगी। इससे संभवतः शराब महंगी हो जाएगी। हिमाचल में ठेकों की नीलामी नए सिरे से की गई है। ऐसे में शराब की नई दरें बुधवार से लागू होंगी।

बीपीएल परिवार की बेटी को शादी पर मिलेंगे 51000 रुपये

बीपीएल परिवार और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं के विवाह पर सरकार 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता करेगी। इसके लिए शुभ विवाह योजना शुरू करने की घोषणा मुख्यमंत्री ने बजट में की है।

महिलाओं के लिए आज से हिम बस कार्ड अनिवार्य, विद्यार्थियों को मिलेगी राहत

एचआरटीसी बसों में पहली अप्रैल से हिम बस कार्ड को लागू कर दिया है। हिम बस कार्ड न होने पर महिलाओं का पूरा किराया लगेगा। सरकार ने स्कूली बच्चों को फिलहाल राहत दी है। निगम प्रबंधन ने 31 मई तक स्कूली बच्चों को छूट दी है। 31 मई तक जमा दो कक्षा तक के बच्चों को बिना हिम बस कार्ड एचआरटीसी बसों में निःशुल्क सेवा मिलती रहेगी। निगम इस मामले को निदेशक मंडल की बैठक में रखेगा।

निगम ने 31 मार्च तक बिना हिम बस कार्ड यात्रा पर छूट दी थी। अभी तक 1.70 लाख हिम बस कार्ड बन चुके हैं। कार्ड बनने जारी रहेंगे। निगम प्रबंधन ने परिचालकों को दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। निगम प्रबंधन ने फाइल उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भेजी थी। मंगलवार देर शाम इस संबंध आदेश जारी हुए।