Lok Sabha Adjourned Till Noon

NEET मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही शुरू होते ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

pari

Lok Sabha Adjourned Till Noon

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को लोकसभा में विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा किया। शोर-शराबे के बीच सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

कार्यवाही की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का उल्लेख किया। इसके बाद सदन में सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस वर्ष 26 जुलाई रविवार होने के कारण कारगिल विजय दिवस का औपचारिक उल्लेख शुक्रवार को किया गया।

श्रद्धांजलि के बाद विपक्षी सदस्य नीट पेपर लीक मामले और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए नारेबाजी करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए कहा कि प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद उन्हें नियमों के तहत अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल सदन की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से सांसद सरकार से जवाबदेही तय करते हैं। हालांकि, लगातार हंगामे के चलते प्रश्नकाल नहीं चल सका और अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

गौरतलब है कि मानसून सत्र शुरू होने के बाद लगातार पांचवें दिन भी लोकसभा में प्रश्नकाल नहीं हो सका। नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है।