जीरकपुर की स्टेलर होम्स सोसायटी में देर रात हमला, गार्ड रूम में तोड़फोड़ और गाड़ियों पर पथराव
- By Gaurav --
- Thursday, 23 Jul, 2026
Late-Night Attack at Zirakpur Housing
पंचकूला से सटे जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित स्टेलर होम्स सोसायटी में बुधवार देर रात करीब 20 युवकों ने हमला कर दहशत फैला दी। बाइक पर आए हमलावरों ने गार्ड रूम में तोड़फोड़ की, घरों और खड़ी गाड़ियों पर पथराव किया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे छह-सात मोटरसाइकिलों पर सवार युवक सोसायटी में पहुंचे। उन्होंने पहले गार्ड रूम पर पत्थर और डंडों से हमला कर शीशे तोड़ दिए। इसके बाद कई गाड़ियों और घरों पर पथराव किया। कुछ लोगों ने हमलावरों पर बोतल बम फेंकने का भी आरोप लगाया। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए। 
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डकोली थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोतल बम फेंके जाने के दावे की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद सोसायटी के लोगों में डर का माहौल है। निवासियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सोसायटी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।