खरौंधी: पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त, घायल होने के बावजूद जवानों ने फरार वारंटी को दबोचे रखा
Kharondhi: Police vehicle met with an accident
खरौंधी (गढ़वा)। खरौंधी-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर खरौंधी थाना के समीप मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब पुलिस फरार वारंटी को गिरफ्तार कर थाना वापस लौट रही थी। दुर्घटना में वाहन पर सवार पुलिस जवान एवं पदाधिकारी घायल हो गए।
वहीं गिरफ्तार आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घायल अवस्था में भी उसे पकड़कर रखा। जानकारी के अनुसार खरौंधी थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मझिगांवा गांव में फरार वारंटी मनोज पासवान को गिरफ्तार करने गई थी।
पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर थाना ला रही थी। इसी दौरान थाना के समीप पहुंचते ही आरोपी ने अचानक पुलिस वाहन बोलेरो का स्टेयरिंग विपरीत दिशा में मोड़ दिया।
इससे वाहन अनियंत्रित होकर करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन में बैठे पुलिस जवान एवं पदाधिकारी घायल हो गए। बताया गया कि आरोपी मनोज पासवान दुर्घटना का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहा था।
इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की तथा सब इंस्पेक्टर सिल्वेस्टर को दांत से काटकर घायल कर दिया। बावजूद इसके पुलिस जवानों ने उसे पकड़कर रखा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों एवं आरोपी को बाहर निकाला गया।
इसके बाद घायल चालक जोसी पासवान एवं एक हवलदार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर भेजा गया।
वहीं ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी गड्ढे से बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।