केशव प्रसाद मौर्य का जर्मनी दौरा, यूपी के लिए निवेश व निर्यात का बड़ा अवसर
Germany Tour gives a new Boost to Investment in UP
लखनऊ। प्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को जर्मनी पहुंचा। फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे पर भारत की काउंसल जनरल शुचिता किशोर ने उनका स्वागत किया और भारत-जर्मनी के प्रगाढ़ होते आर्थिक व औद्योगिक संबंधों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उप मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश और जर्मनी के बीच औद्योगिक, तकनीकी और आर्थिक सहयोग को नई दिशा देगी तथा राज्य में व्यापक निवेश आकर्षित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि यह विदेश दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं, निवेश-अनुकूल नीतियों और मजबूत आधारभूत संरचना को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, एमएसएमई, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए ठोस रणनीति के साथ कार्य कर रही है। जर्मनी की उच्च तकनीकी विशेषज्ञता, स्मार्ट मोबिलिटी मॉडल और उन्नत औद्योगिक तंत्र का अध्ययन कर प्रदेश में आधुनिक, टिकाऊ और तकनीक-आधारित इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास को गति दी जाएगी।
तकनीकी सहयोग, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और औद्योगिक साझेदारी के विभिन्न आयामों पर भी प्रतिनिधिमंडल द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जर्मनी जैसे वैश्विक आर्थिक केंद्रों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सशक्त पहचान दिलाना इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य है।
निवेशकों, उद्योग संगठनों और प्रमुख हितधारकों के साथ बैठकें कर निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे प्रदेश में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।