झारखंड राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस की दावेदारी पर अंदरूनी कलह भारी
Jharkhand Rajya Sabha Election
रांची। Jharkhand Rajya Sabha Election, झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर खाली हो रही दो सीटों में से एक पर कांग्रेस दावेदारी कर रही है लेकिन अंदरूनी झगड़ों ने पार्टी को इतना कमजोर कर दिया है कि यह अभी किसी स्तर पर मोर्चा लेने के मूड में नहीं है।
यही कारण है कि पार्टी इधर-उधर से चुनाव लड़ने की बातें तो जरूर कर रही है, महागठबंधन के अंदर खुलकर अपनी राय नहीं रख पा रही है।
हाल के दिनों में पार्टी के टूटने की संभावनाओं से संबंधित अफवाहों के बाद शीर्ष नेतृत्व सतर्क हुआ है। राज्यसभा चुनाव को लेकर इसी कारण से झारखंड के नेता दावेदारी नहीं कर रहे हैं।
झारखंड में महागठबंधन के बीच एकता में राज्यसभा चुनाव के कारण दरार पड़ सकती है। चुनाव को लेकर जहां कांग्रेस के नेता छिटपुट दावेदारी कर रहे हैं वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा एकतरफा तैयारियों में जुटा हुआ है।
झामुमो के कई नेता लगातार बयानबाजी कर कांग्रेस के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं। दूसरी ओर, राजनीतिक हलकों में टूट को लेकर जोरदार अफवाह फैलने के बाद पार्टी अपने संगठन को बचाने की कोशिशों में जुटी हुई है।
अफवाह यह उड़ा था कि पार्टी दो गुटों में बंटकर टूटने जा रही है। तमाम शीर्ष नेताओं ने इस अफवाह का खंडन तो किया लेकिन कार्यकर्ताओं के मन में यह बात घर कर गई है।
अभी कुछ दिनों पहले ही आधा दर्जन विधायकों ने संगठन के खिलाफ नई दिल्ली पहुंचकर आलाकमान से सीधी बात की और विभिन्न मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया।
इन परिस्थितियों में कांग्रेस फ्रंट फुट पर आकर राजनीति नहीं कर पा रही है। अपने झगड़ों में उलझी पार्टी के लिए झामुमो से आंख मिलाकर राज्यसभा सीट की दावेदारी करना संभव नहीं है।