मेरठ में जाट सम्मेलन: संजीव बालियान के बयानों ने पश्चिमी यूपी की राजनीति गरमाई
Jat Conference in Meerut
मेरठ: Jat Conference in Meerut, उत्तर प्रदेश के मेरठ में आयोजित जाट सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के सीनियर नेता संजीव बालियान के बयानों का जिक्र हो रहा है। सकौती में आयोजित जाट सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने ऐसा बयान दिया है, जिसने पश्चिमी यूपी में सियासी हलचल तेज कर दी है। संजीव बालियान ने पूर्व विधायक संगीत सोम का नाम लिए बिना इशारों में कहा कि उनके साथ हुए अपमान को वह भूलने वाले नहीं हैं। साथ ही, जाट सम्मेलन के आयोजन में खड़ी की गई दिक्कतों का मसला भी उन्होंने जोरदार तरीके से उठाते हुए हमला बोला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पंजाब के सीएम भगवंत मान मौजूद थे।
संजीव बालियान ने क्या कहा?
संजीव बालियान ने जाट सम्मेलन कार्यक्रम मंच से कहा कि मेरा जो अपमान हुआ है, उसे मैं भूलने नहीं दूंगा। अगर तुम भूल गए तो भी मैं याद दिलाता रहूंगा और अगर मैं भूल जाऊं तो तुम मुझे याद दिलाते रहना। पूर्व केंद्रीय मंत्री के इस बयान को क्षेत्र की राजनीति में चल रहे अंदरूनी मतभेद से जोड़कर देखा जा रहा है। संजीव बालियान ने जाट सम्मेलन के दौरान निशाना साधते हुए कहा कि कई बार राजनीति हो या सामाजिक जीवन अपमान सहना पड़ता है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि दो कदम पीछे हटाने पड़े, ऐसा अपमान हमने चुनाव के समय में सहा था। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने-जीतने का दुख नहीं होता, लेकिन जिस तरह से अपमान किया गया था, उसका दुख होता है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर किसी ने अपमान किया है तो उसे सूद-ब्याज सहित चुकाना होगा।
हेलीकॉप्टर न उतरने देने पर हमला
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियन ने कहा कि जब हम राजस्थान जाते थे तो पूछते थे कि यहां चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा क्यों नहीं है? इस पर राजस्थान वाले पूछते थे कि यूपी में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा क्यों नहीं है? आज हमने उत्तर प्रदेश में महाराजा सूरजमल की सबसे बड़ी प्रतिमा स्थापित कर दी है। संजीव बालियान ने इस मौके पर जिला प्रशासन पर जोरदार हमला बोला। इशारों में उन्होंने आयोजन में बाधा उत्पन्न किए जाने की भी बात कही।
संजीव बलियान ने कहा कि जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को बाधित करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का हेलीकाप्टर भी नहीं उतरने दिया। उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि ये किसके इशारे पर हो रहा है। ये जाट समाज उसे सबक सिखाकर रहेगा।
सकैती में आयोजन
सकौती टांडा के हितकारी किसान इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय जाट संसद की ओर से रविवार को हिंदू हृदय सम्राट वीर शिरोमणि महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। वहीं, राजस्थान के सांसद हनुमान बेनीवाल के साथ देशभर के जाट प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
समारोह में प्रतिमा के फाउंडेशन पर लिखे जाट शब्द को हटाने पर युवाओं ने जमकर हंगामा किया, पुलिस के साथ धक्का मुक्की की गई। वे धरने पर बैठ गए। प्रशासन ने 15 दिन का समय मांगते हुए किसी तरह धरना खत्म कराया।
पश्चिमी यूपी में गरमाई राजनीति
संजीव बालियान के बयानों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीति को गरमा दिया है। उन्होंने जिस प्रकार से प्रशासन से लेकर पूर्व विधायक का नाम लिए बिना हमला बोला, उससे क्षेत्र में गुटबाजी के संकेत सामने आ गए हैं। दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 में संजीव बालियान की हार के बाद से लगातार माहौल गरमाया हुआ है। यूपी चुनाव 2022 में संगीम सोम अपनी हार के पीछे संजीव बालियान को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं। यूपी चुनाव 2027 से पहले दो बड़े नेताओं के बीच टकराव को खत्म करना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगी।