ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, एस्कॉर्ट कुबोटा फैक्ट्री और फिल्म सिटी का हो सकता है शिलान्यास

ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, एस्कॉर्ट कुबोटा फैक्ट्री और फिल्म सिटी का हो सकता है शिलान्यास

Industrial development in Greater Noida to gain new momentum

Industrial development in Greater Noida to gain new momentum

ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी माह यीडा क्षेत्र में एस्काॅर्ट कुबौटा की फैक्ट्री का शिलान्यास करने ग्रेटर नोएडा आ सकते हैं। इसके साथ फिल्म सिटी का शिलान्यास होने की भी संभावना है। हालांकि, अभी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अंतिम रूप से तारीख तय होना बाकी है। यीडा क्षेत्र मेंं एचसीएल और फाॅक्सकाॅन की संयुक्त कंपनी इंडिया चिप के बाद यह दूसरी इकाई होगी, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे।

चार हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर

यमुना प्राधिकरण ने एस्कार्ट कुबौटा को सेक्टर दस में 154 एकड़ का भूखंड आवंटित किया है। कंपनी इसमें ट्रैक्टर व निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों का निर्माण करेगी। 2029 करोड़ का निवेश और चार हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

कंपनी ने इकाई के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को न्यौता दिया है। कंपनी की ओर से शिलान्यास की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही सेक्टर 21 मेंं इंटरनेशनल फिल्म सिटी के शिलान्यास के लिए भी बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड ने मुख्यमंत्री को न्यौता दिया है।

सीएम ऑफिस से लगेगी फाइनल मुहर

कंपनी के सीएफओ राजीव अरोड़ा का कहना है कि शिलान्यास 29 मई को संभावित है। अभी मुख्यमंत्री कार्यालय से तिथि को लेकर अंतिम फैसला होना है। सेक्टर 21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी का पहला चरण 230 एकड़ में है। इसमें फिल्म स्टूडियो और फिल्म इंस्टीट्यूट का निर्माण होगा।इसका भू-लेआउट और मास्टर प्लान दोनों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।

जल्द तय हो सकता है सीएम का कार्यक्रम 

बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड 155 एकड़ में फिल्म और 75 एकड़ में व्यावसायिक गतिविधियां विकसित करेगी। प्रथम चरण में फिल्म सिटी के निर्माण में कुल 1510 करोड़ खर्च होंगे। यीडा अधिकारियों का कहना है कि औद्योगिक ईकाइयों एवं फिल्म सिटी के शिलान्यास को लेकर सीएम का कार्यक्रम जल्द तय हो सकता है।

25 हजार करोड़ के औद्योगिक निवेश उतरेंगे धरातल पर

यीडा क्षेत्र में एस्कार्ट कुबौटा और फिल्म सिटी के अलावा कई औद्योगिक निवेश को इस वित्त वर्ष में धरातल पर उतारा जाएगा। करीब 25 हजार करोड़ निवेश वाली औद्योगिक इकाईयों का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसमें 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इसमेंं न्यू हालैंड व सीएनएच, सेल आदि शामिल हैं। पतंजलि के फूड पार्क का उद्घाटन भी जल्द शुरू होने जा रहा है।