सरहद पार पहुंचा भारत का 'कॉकरोच आंदोलन': पाकिस्तान में बनीं 'कॉकरोच अवामी पार्टी' और 'मुत्तहिदा कॉकरोच मूवमेंट', जानें क्या है पूरा विवाद

सरहद पार पहुंचा भारत का 'कॉकरोच आंदोलन': पाकिस्तान में बनीं 'कॉकरोच अवामी पार्टी' और 'मुत्तहिदा कॉकरोच मूवमेंट', जानें क्या है पूरा विवाद

1000225181

India's 'Cockroach Movement' crosses borders

नई दिल्ली। भारत में एक व्यंग के तौर पर शुरू हुआ 'कॉकरोच आंदोलन' ने सरहद पार कर ली है और पाकिस्तान तक पहुंच गया है। पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर ऐसे कई अकाउंट सामने आ रहे हैं, जो भारत की 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) से प्रेरित हैं। 16 मई को लॉन्च होने के तुरंत बाद ही इस पार्टी ने इंटरनेट पर धूम मचा दी थी।

पाकिस्तान में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के कई रूप मौजूद हैं। जैसे-'कॉकरोच अवामी पार्टी', 'कॉकरोच अवामी लीग' और 'मुत्तहिदा कॉकरोच मूवमेंट'। 'कॉकरोच अवामी पार्टी' के बायो में लिखा है, "युवाओं का, युवाओं द्वारा और पाकिस्तान के लिए एक राजनीतिक मोर्चा।"

'जिन्हें सिस्टम ने समझा कॉकरोच, उनकी आवाज है पार्टी'

इसी तरह के एक अकाउंट के बायो में लिखा है, "जिन्हें सिस्टम ने कॉकरोच समझा, हम उन्हीं की आवाज हैं।" सोशल मीडिया की इस पार्टी का लोगो भारत में बनी कॉकरोच जनता पार्टी के लोगो से काफी मिलता-जुलता है। हालांकि यह हरे और सफेद रंग में है। इनके लोगो को इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI), पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (PPP) जैसे राजनीतिक दलों के रूप में पेश किया गया है।

किसने शुरू की कॉकरोच जनता पार्टी?

भारत की 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके हैं, जो अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले 30 वर्षीय भारतीय छात्र हैं। इससे पहले उन्होंने 'आम आदमी पार्टी' के साथ एक राजनीतिक संचार रणनीतिकार के तौर पर काम किया है। इस पार्टी का एक घोषणापत्र और एक आधिकारिक वेबसाइट भी है।

 

'कॉकरोच जनता पार्टी' की शुरुआत तब हुई, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं और कार्यकर्ताओं की तुलना "कॉकरोच" और "परजीवियों" से की।

सीजेआई ने कहा था, "कुछ युवा कॉकरोच की तरह होते हैं। उन्हें न तो कोई रोजगार मिलता है और न ही किसी पेशे में उनकी कोई जगह होती है।" हालांकि, बाद में उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका इशारा उन लोगों की ओर था जो फर्जी डिग्री का इस्तेमाल करके किसी पेशे में घुस जाते हैं।

बता दें कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' कोई औपचारिक राजनीतिक दल नहीं है, फिर भी इसने एक सप्ताह से भी कम समय में इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स जुटा लिए हैं।