'ईरान के किसी भी बॉर्डर को पार न करें भारतीय नागरिक'... भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी, कहा- फिर मदद करना मुश्किल हो जाएगा
Indian Embassy in Tehran Issues Advisory For Indian Citizens Breaking
Indian Embassy Advisory: मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल की जंग का आज 17वां दिन है। इस बीच भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की गई है। ईरान के तेहरान स्थित इंडियन एम्बेसी ने एडवाइज़री जारी कर कहा है कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक एम्बेसी से बात किए बिना आगे की यात्रा के लिए ईरान के किसी भी ज़मीनी बॉर्डर पर न जाएं या उसे पार करने की कोशिश न करें। एम्बेसी ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा किया जाता है तो फिर मदद कर पाना मुश्किल हो जाएगा।
भारतीय दूतावास ने जारी एडवाइजरी में लिखा, ''ईरान में अभी मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सख़्त सलाह दी जाती है कि वे तेहरान में इंडियन एम्बेसी से पहले और साफ़ तौर पर कोऑर्डिनेशन किए बिना आगे की यात्रा के लिए ईरान के किसी भी ज़मीनी बॉर्डर पर न जाएं या उसे पार करने की कोशिश न करें। एम्बेसी भारतीय कम्युनिटी के सदस्यों के साथ रेगुलर कॉन्टैक्ट में है, और जहां भी ज़रूरी हो, कोऑर्डिनेटेड इंतज़ाम किए जा रहे हैं। ज़मीनी बॉर्डर की ओर बिना कोऑर्डिनेशन के मूवमेंट को पूरी तरह से मना किया जाता है।''
दूतावास ने आगे कहा, ''जो भारतीय नागरिक एम्बेसी की जानकारी और गाइडेंस के बिना ज़मीनी बॉर्डर के रास्ते ईरान छोड़ने की कोशिश करते हैं, उन्हें गंभीर लॉजिस्टिक और इमिग्रेशन मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। कृपया ध्यान दें कि अगर कोई व्यक्ति बिना पहले कोऑर्डिनेशन के ईरानी इलाके से बाहर चला जाता है, तो एम्बेसी मदद नहीं कर पाएगी। इसलिए ईरान में सभी भारतीय नागरिकों से अपील है कि वे एम्बेसी की सलाह का सख्ती से पालन करें और कोई भी यात्रा करने से पहले ऑफिशियल चैनलों के संपर्क में रहें।''
हेल्पलाइन नंबर्स जारी
भारतीय दूतावास ने ईरान में यात्रा से जुड़े सवालों या इमरजेंसी के लिए हेल्पलाइन नंबर्स भी जारी किए हैं। इन नंबर्स पर संपर्क कर ईरान में फंसे भारतीय नागरिक किसी भी मुश्किल समस्या का समाधान पा सकते हैं। नंबर क्रमशः +98 912 810 9115, +98 912 810 9102, +98 9128109109, +98 993 217 9359 हैं। इसके अलावा एक ईमेल आईडी भी जारी की गई है। ईमेल: [email protected]।

आर्मीनिया के रास्ते निकाले गए 550 से ज़्यादा भारतीय नागरिक
इससे पहले आज सोमवार दोपहर भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरान में भारतीय नागरिकों को लेकर एक बयान जारी किया था। विदेश मंत्री ने इस बयान में भारतीय नागरिकों को ईरान से सुरक्षित निकालने में मदद करने के लिए आर्मीनिया की सरकार का आभार जताया। EAM डॉ. एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''ईरान से अब तक 550 से ज़्यादा भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में मदद करने के लिए आर्मीनिया की सरकार और लोगों को धन्यवाद। इस मुश्किल समय में उनके सपोर्ट के लिए शुक्रिया।"
.jpg)