ममता बनर्जी को झटका: TMC के तीन पूर्व सांसद BJP में शामिल, मिल सकता है राज्यसभा का टिकट

Three former TMC MPs join BJP

Three former TMC MPs join BJP

कोलकाता : Three former TMC MPs join BJP: राज्यसभा से इस्तीफा देकर तृणमूल के तीन सांसद भाजपा में शामिल हो गए. शामिल होने वालों में सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बारिक शामिल हैं. गुरुवार को इन तीनों नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया.

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में इन तीनों नेताओं को पार्टी में शामिल किया गया.भट्टाचार्य ने पार्टी के साल्ट लेक ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व सांसदों को भाजपा का झंडा देकर उनका स्वागत किया. इस कार्यक्रम में राज्य के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे.पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद, देव, राय और बारिक ने पिछले महीने राज्यसभा और तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था.भट्टाचार्य ने कहा कि इन तीनों पूर्व सांसदों का अनुभव राज्य में पार्टी को और मजबूत करेगा.

सामिक भट्टाचार्य ने कहा, "34 साल तक लेफ्ट फ्रंट का शासन रहा, उसके बाद तृणमूल कांग्रेस का शासन आया. पश्चिम बंगाल में इतने लंबे समय तक जो राजनीति चली, उसने हमारे संघीय ढांचे को नकारा और उसका विरोध किया. केंद्र के साथ सहयोग करने के बजाय टकराव का रास्ता अपनाया गया, जिससे सारा विकास रुक गया. इसी माहौल में, और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए, तीन सांसदों ने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया. आज, ये तीनों—सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बारिक और सुखेंदु शेखर रॉय—भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं. ये तीनों सांसद दिग्गज नेता हैं और राज्यसभा में इनका काम सभी जानते हैं."

उन्होंने कहा, "यह हमारे लिए खुशी का मौका है और पूरी बीजेपी खुश है. भारतीय जनता पार्टी की ओर से, और राज्य अध्यक्ष के तौर पर, मैं—अपने कार्यकर्ताओं, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, पूरी कैबिनेट और पूरे संगठन के साथ—इन तीनों लोगों का पूरे दिल से और बहुत खुशी के साथ स्वागत करता हूं."