राम मंदिर मामले पर RSS ने कहा- धैर्य बनाये रखें, जांच जारी

On the Ram Mandir issue

संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा को गहरा आघात पहुंचा है।

अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
जुलाई 03, नई दिल्ली:
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान प्रकरण मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा को गहरा आघात पहुंचा है। दत्तात्रेय होसबोले ने जारी बयान में कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह मंदिर पूरे हिंदू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र है। ऐसे में दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की घटना से पूरा समाज आहत है।


उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाए। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास से मंदिर की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। संघ ने देशभर के हिंदू समाज से भी अपील की है कि इस कठिन समय में धैर्य और संयम बनाए रखें। साथ ही कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देना चाहिए।