हरियाणा CM की LPG सप्लाई पर लोगों से अपील; बोले- अफवाहों पर भरोसा न करें, प्रदेश में गैस और पेट्रोल-डीजल का है पर्याप्त स्टॉक
India LPG Supply Shortage Haryana CM Appeals To People For Dont Panic
LPG Supply Shortage: मिडिल ईस्ट में जारी 'ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध' के बीच LPG सप्लाई को लेकर भारत में भी असर देखा जा रहा है। हालांकि सरकार का बार-बार कहना है कि देश में गैस और पेट्रोल-डीजल का फिलहाल पर्याप्त स्टॉक है और चिंता करने की कोई बात नहीं है। लेकिन दूसरी तरफ देश के अलग-अलग हिस्सों से जो तस्वीरें सामने आई हैं वो लोगों में हड़बड़ाहट की स्थिति दिखा रहीं हैं। लोग बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर लेकर गैस एजेंसियों के बाहर लाइनें लगा रहे हैं।
किसी का कहना है कि उनकी बुकिंग नहीं हो रही है OTP नहीं आ रहा तो कोई कह रहा है कि एजेंसी वाले गैस सिलेंडर दे ही नहीं रहे। मसलन देश के अलग-अलग हिस्सों में इस समय LPG सप्लाई और गैस सिलेंडरों को अफरा-तफरी जैसा माहौल बना हुआ है। इस बीच अलग-अलग राज्यों में DM-SP लेवल के अधिकारियों को ग्राउंड पर उतारा गया है, ताकि अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी रोकी जा सके और घरेलू रसोई गैस की बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।
हरियाणा CM की LPG सप्लाई पर लोगों से अपील
हरियाणा में भी लोग LPG सप्लाई को लेकर पैनिक हुए हैं, हालांकि सीएम नायब सैनी की सरकार लगातार पूरी स्थिति की निगरानी कर रही है। CM सैनी ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही खुद भी लोगों से पैनिक न होने की अपील की है। सीएम सैनी का कहना है कि हरियाणा में अभी गैस और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और निर्बाध रूप से सप्लाई की जा रही है।
दरअसल, सीएम सैनी ने कहा, "पिछले कुछ दिनों से मिडिल ईस्ट में चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण घरेलू LPG गैस की आपूर्ति बाधित होने की अफवाहें सोशल मीडिया के माध्यम से और अन्य माध्यमों से फैलाई जा रही हैं। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि हरियाणा में घरेलू LPG, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध है''
सीएम ने आगे कहा, ''तेल कंपनियों ने हमें आश्वस्त किया है कि राज्य में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस की आपूर्ति निरंतर प्राप्त हो रही है. कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति में हमने आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देने की व्यवस्था की है. मैं हरियाणा की जनता से अपील करता हूं कि अफवाहों पर विश्वास ना करें। राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क है और स्थिति की निगरानी की जा रही है।''
मिडिल ईस्ट में जंग का 14वां दिन
मिडिल ईस्ट में जारी 'ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध' का 14वां दिन है। इस जंग चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर संकट के बादल छाए हुए हैं। वजह है कि ईरान के कंट्रोल वाले स्ट्रेट हॉर्मुज जलमार्ग और खाड़ी देशों के रास्ते होने वाली तेल-गैस सप्लाई बाधित हो रही है। जिसका असर भारत पर भी पड़ा है। भारत सरकार ने हाल ही में देशभर में 'एसेंशियल कमोडिटी एक्ट 1955' लागू कर दिया है। यानि पेट्रोलियम, पेट्रोलियम उत्पादों और प्राकृतिक गैस सप्लाई को ज़रूरी वस्तु अधिनियम के तहत ला दिया है।
सरकार का मकसद है कि इस स्थिति में अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी को रोका जा सके। साथ ही घरेलू LPG सप्लाई को प्राथमिकता देते हुए कॉमर्शियल LPG गैस की सप्लाई फिलहाल अस्थाई रूप से रोकी गई है। केवल आवश्यक सेवाओं के लिए कॉमर्शियल आपूर्ती की जा रही है। जहां ऐसे में देश के तमाम होटल/रेस्टोरेंट्स या तो बंद होने की कगार पर हैं या फिर वह किसी और तरीके से मैनेज कर कर रहे हैं। कई होटल/रेस्टोरेंट्स में सीमेंटेड चूल्हे बनाए गए हैं तो कहीं बिजली से चलने वाले इंडक्शन चूल्हे मंगवाए गए हैं।
25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड शुरू
मौजूदा स्थिति को देखते हुए सरकार ने 25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड शुरू किया है। जो कि पहले 15 दिन का था। यानि अब 25 दिन पूरे होने पर ही घरेलू गैस की बुकिंग हो पाएगी। इसके बाद गैस सिलेंडर की डिलिवरी 2.5 दिन में आपके घर होगी या आप एजेंसी जाकर ले पाएंगे। सरकार का कहना है कि गैस की बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित हो और LPG गैस पूरे देश में संतुलित रूप से उपलब्ध रहे। इसलिए यह कदम उठाया गया है। ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की आपूर्ति बाधा का सामना न करना पड़े।