शिमला में एचआरटीसी वोल्वो चालक पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

शिमला में एचआरटीसी वोल्वो चालक पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

1000225914

HRTC Volvo driver attacked in Shimla, two accused arrested

शिमला। राजधानी शिमला में एचआरटीसी की वोल्वो बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में एचआरटीसी चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं मारपीट करने वाले हरियाणा के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

हालांकि 2 आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे है। इनमें एक महिला भी शामिल है। जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार सुबह पेश आई है। एचआरटीसी की दिल्ली से रोहड़ू जाने वाली बस सुबह 6 बजे घोड़ा चौकी पहुंची तो हरियाणा के पर्यटकों ने बस को रुकवाकर एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी है।

बस चालक राजेंद्र सिंह का आरोप है कि उनके द्वारा सैलानियों की गाड़ी को ओवरटेक करने के बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की। उनका आरोप है कि चलती बस से उन्हें बाहर खींचा गया। अगर समय रहते बस के कंडक्टर ने हैंडब्रेक नहीं लगाई होती तो बस में सवार 40 सवारियों की जान को भी खतरा हो सकता था।

मारपीट में सिर पर 6 टांके लगे 

उनका दावा है कि इस मारपीट में उनके सिर पर 6 टांके लगे है। पुलिस से प्रात्त जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही शिमला पुलिस की टीम थाना बालूगंज से तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी पंकज पुत्र शिव कुमार निवासी पंचकूला उम्र 33 वर्ष तथा विकास कुमार पुत्र विलक्षण राम निवासी पंचकूला उम्र 22 वर्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। शिमला पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था भंग करने और सार्वजनिक सेवा से जुड़े कर्मचारियों के साथ हिंसात्मक व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ड्राइ्रवर यूनियन की चेतावनी

 

एचआरटीसी की ड्राईवर यूनियन के प्रांतीय प्रधान मानसिंह ठाकुर ने चेताया है कि अगर इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कडी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो फिर पूरे प्रदेश में एचआरटीसी की सेवाओं को बंद कर दिया जाएगा।

इसके लिए सरकार एवं प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि आए दिन सैलानियों की ओर से एचआरटीसी चालक परिचालकों के साथ मारपीट के मामले सामने आते है। सरकार की ओर से दी गई ढील का यह नतीजा है। उन्हें कहा कि अब पानी सिर से ऊपर बहने लगा है। अब ऐसी वारदातों को अंजाम देने वालों के साथ सख्त कार्रवाई की जरूरत है।