एचआरटीसी प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच महामंथन: लंबित मांगों पर निर्णायक चर्चा आज
HRTC management and employee unions to hold a meeting
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम में कर्मचारियों, चालकों और परिचालकों की लंबित मांगों और बस संचालन के दौरान उत्पन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श के लिए निगम प्रबंधन ने सोमवार को बैठक बुलाई है। इसकी अध्यक्षता निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) करेंगे, जिसमें विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
समस्याओं पर होगा मंथन
बैठक में चालक-परिचालकों को ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों, बसों के संचालन से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं के साथ-साथ कर्मचारियों की अन्य मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
लंबे समय से विभिन्न यूनियनें इन मुद्दों को लेकर प्रबंधन के समक्ष अपनी बात रखती रही हैं। इस बैठक को कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इन यूनियनों के पदाधिकारी होंगे शामिल
बैठक में इंटक, एटक, हिमाचल परिवहन मजदूर संघ, ड्राइवर यूनियन, कंडक्टर यूनियन, सर्व कर्मचारी यूनियन, तकनीकी कर्मचारी यूनियन और इंस्पेक्टर स्टाफ एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल होंगे। सभी संगठन अपने-अपने स्तर पर कर्मचारियों की समस्याएं और सुझाव प्रबंधन के समक्ष रखेंगे।
ड्यूटी टाइमिंग पर होगा मंथन
चालक-परिचालकों की ड्यूटी टाइमिंग, बसों की तकनीकी स्थिति, रूट संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों और कार्य परिस्थितियों पर विशेष चर्चा की जा सकती है। निगम प्रबंधन की ओर से संवाद के माध्यम से कई मुद्दों पर सकारात्मक समाधान निकलने की उम्मीद जताई जा रही है।