हापुड़ में खौफनाक 'वशीकरण' कांड: श्मशान से अस्थियां चोरी करने वाला प्रेमी और तांत्रिक गिरफ्तार
Horrific 'Vashikaran' Incident in Hapur
हापुड़। Horrific 'Vashikaran' Incident in Hapur, इश्क में अंधेपन की एक हैरान करने वाली कहानी जिले में सामने आई है। जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए तांत्रिक के बहकावे में आकर इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। युवक ने अपने दोस्त और तांत्रिक के साथ मिलकर श्मशान से एक किशोर की चिता से सिर की अस्थियां और राख चोरी कर ली।
पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों से तंत्र क्रिया का सामान भी बरामद हुआ है।
बता दें कि मोहल्ला सोनपुर सोटावाली के 16 वर्षीय शुभांशु की शनिवार को पेट की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। गमगीन माहौल में स्वजन और ग्रामीणों ने देर शाम श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि रात के अंधेरे में कुछ लोग चिता की पवित्रता को भी नहीं छोड़ेंगे।
अगली सुबह जब स्वजन श्मशान पहुंचे तो चिता से किशोर के सिर की अस्थियां गायब देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश पनप गया।
इश्क, अंधविश्वास व साजिश, सीसीटीवी से खुला राज
घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक मोपेड पर सवार तीन संदिग्ध युवक श्मशान से निकलते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपितों की पहचान करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी।
सीओ सिटी वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच में आरोपितों की पहचान कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड कोटला मेवातियान के अमान, थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा के तांत्रिक अवधेश शर्मा और अमान के एक नाबालिग साथी के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों को मंसूरपुर के श्मशान से दबोच लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला पर्दाफाश हुआ। मुख्य आरोपित अमान ने बताया कि उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन युवती के स्वजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी परेशानी में वह तांत्रिक अवधेश शर्मा के संपर्क में आया। तांत्रिक ने उसे भरोसा दिलाया कि यदि किसी शव की खोपड़ी या अस्थियां मिल जाएं तो तंत्र-मंत्र के जरिए वशीकरण कर शादी का रास्ता साफ किया जा सकता है।
कई दिनों से चल रही थी रेकी
सीओ सिटी ने बताया कि आरोपित पिछले कई दिनों से अलग-अलग गांवों के श्मशानों की रेकी कर रहे थे। शनिवार को सोटावाली के श्मशान में भीड़ देखकर उन्होंने मौका भांप लिया।
अंतिम संस्कार के बाद जैसे ही लोग लौटे, तीनों मौके पर पहुंचे और चिता से सिर की अस्थियां निकाल लीं। हालांकि, पास के खेतों में काम कर रहे कुछ लोगों ने उन्हें संदिग्ध हालत में देख लिया और तुरंत स्वजन को सूचना दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
तांत्रिक के ठिकाने से चौंकाने वाली बरामदगी
सीओ ने बताया कि तांत्रिक अवधेश शर्मा के पास से तंत्र-मंत्र से जुड़ा सामान और कई युवक-युवतियों के फोटो बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं वह अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगने का काम तो नहीं कर रहा था।