Big Breaking - कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, पांच पुलिसकर्मियों की मौत; कैसे हुआ हादसा?
Horrific accident on Kundli-Manesar-Palwal Expressway
नूंह। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा धुलावट टोल प्लाजा के पास करीब सुबह दस बजे हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मरने वाले पांचों पुलिसकर्मी बताए गए हैं, जो उत्तर प्रदेश के जालौन में तैनात थे।

पलवल की ओर से आ रही थी स्कॉर्पियो
बता दें कि एक स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर से आ रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान गाड़ी असंतुलित हो गई और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्षतिग्रस्त वाहन में शव बुरी तरह फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर एंबुलेंस बुलाकर राहत एवं बचाव कार्य किया गया।

यूपी पुलिस के जवान थे सभी पुलिसकर्मी
तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम के अनुसार, हादसे में मृत सभी लोग उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान थे,जो जालौन जिले में तैनात थे। इस संबंध में जालौन,उत्तर प्रदेश के पुलिस अधीक्षक से भी संपर्क कर लिया गया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे पर सावधानी से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
