पंचकूला में ऑनर किलिंग: लवमैरिज से नाराज साले ने साथी संग जीजा की गंडासे से की हत्या
Honor Killing in Panchkula
तीन महीने पहले घर से अलग होकर युवती ने की थी शादी, पुलिस ने दो घंटे में दबोचे हत्यारोपी
अर्थ प्रकाश संवाददाता
पंचकूला। Honor Killing in Panchkula: पंचकूला में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। तीन महीने पहले अपने परिवार से अलग होकर लव मैरिज करने वाली युवती के पति की सोमवार सुबह पंचकूला के सेक्टर 19 में गंडासा और चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई। इस वारदात को युवती के भाई ने अपने साथी संग अंजाम दिया। मृतक और मुख्य आरोपी दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी है और कभी गहरे दोस्त हुआ करते थे। हालांकि, शाम होते होते पुलिस ने शहर में छापेमारी कर दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वारदात में इस्तेमाल तेजधार हथियार को भी पुलिस ने मौके से बरामद करने के बाद फोरेंसिक एक्सर्ट्स ने जब्त किया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक शिवम (22) अपनी माता को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 छोडऩे गया था। वापस आते समय जैसे ही वह सेक्टर-19 के गोल चक्कर के पास पहुंचा, घात लगाकर बैठे उसके साले शिवम (20) और उसके दोस्त राहुल (19) ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। घायल को सैक्टर-6 स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। आरोपी वर्तमान में पंचकूला और जीरकपुर क्षेत्र में रहते थे और जोमेटो में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही डायल 112, सीन ऑफ क्राइम टीम, सेक्टर-20 थाना पुलिस और सेक्टर-19 चौकी की टीमें सक्रिय हो गईं। सेक्टर-20 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर ढाका के नेतृत्व में एएसआई कुलदीप, संदीप और एसपीओ मुकेश ने आरोपियों का पीछा शुरू किया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 2 घंटे के भीतर आरोपियों को पंजाब के जीरकपुर से दबोच लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया वह गंडासा भी बरामद कर लिया है, जिस पर मृतक के खून के निशान मौजूद हैं। कल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से खरीदा गया और क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था।
कार्रवाई सराहनीय
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने बताया कि पंचकूला पुलिस का स्पष्ट उद्देश्य है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून का राज हर हाल में कायम रखा जाए। इस हत्या कांड में हमारी टीमों ने जिस तेजी और सूझबूझ के साथ कार्रवाई की, वह सराहनीय है। हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि जांच के दौरान कोई भी तथ्य नजरअंदाज न हो और यदि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।