शिमला के रामपुर बुशहर में बादल फटा, बरांदली खड्ड में बाढ़ से भारी तबाही

1000256188

Cloudburst in Rampur Bushahr, Shimla

रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश में मौसम कड़े तेवर दिखा रहा है। जिला शिमला के उपमंडल रामपुर की पंचायत नरेन के अंतर्गत बरांदली खड्ड में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। अचानक आई बाढ़ से खड्ड का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही मच गई। बाढ़ के तेज बहाव से स्थानीय खेल मैदान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मैदान को जोड़ने वाली सड़क भी बह गई, जिससे क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हुआ है। 

वहीं, कुरनू खड्ड पर पेलन गांव को जोड़ने वाला पैदल पुल भी बाढ़ की चपेट में आ गया, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही संकट में पड़ गई है।

कृषि भूमि को भी नुकसान

पंचायत नरेन की प्रधान अनू पौंड ने बताया कि बाढ़ के कारण कई किसानों की कृषि भूमि और फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा से ग्रामीणों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। 

नुकसान का आकलन करने की मांग

प्रधान ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित परिवारों और किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। 

उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़क, पैदल पुल और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।