अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ शिमला का रिज मैदान, 5000 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योग

Shimlas Ridge Maidan immersed in yoga on International Yoga Day

Shimla's Ridge Maidan immersed in yoga on International Yoga Day

शिमला। Shimla's Ridge Maidan immersed in yoga on International Yoga Day, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को ऐतिहासिक रिज मैदान योगमय हो उठा। हिमाचल पुलिस और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में 5000 से अधिक लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योग किया। कार्यक्रम में राज्यपाल काविंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

राज्यपाल की पत्नी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रही। कार्यक्रम का उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

Shimla Ridge Yoga 1

योग भारत की ओर से पूरी मानवता को दिया अमूल्य उपहार

राज्यपाल काविंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की ओर से पूरी मानवता को दिया गया अमूल्य उपहार है। यह शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और कहा कि इससे स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में मदद मिलेगी।

डीजीपी व पुलिस अधिकारी भी हुए शामिल

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक अनुशासित पद्धति है। स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच ही मजबूत समाज की नींव हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए भी प्रतिबद्ध है।

 

Shimla Ridge Yoga 2

आईटीबीपी जवानों सहित हर वर्ग जुटा

रिज मैदान में आयोजित इस विशाल आयोजन में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों, बच्चों, देश-विदेश से आए पर्यटकों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के योग विभाग की टीम ने मंच से योग प्रदर्शन का संचालन किया।

प्रशिक्षकों ने हजारों प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अनुशासित ढंग से योगाभ्यास किया। 

शपथ भी दिलवाई

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को योग दिवस की विशेष शपथ भी दिलाई गई। शपथ में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, स्वयं स्वस्थ रहने के साथ दूसरों को भी स्वस्थ, संतुलित और नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ हिमाचल, सशक्त भारत और स्वस्थ विश्व के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया गया।

रिज मैदान में आयोजित यह भव्य आयोजन एकता, स्वास्थ्य और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बनकर उभरा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने यह साबित किया कि हिमाचल प्रदेश में योग के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है और राज्य योग को जनआंदोलन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।