शिमला में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन ने पत्रकारों को एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पॉलिसी वितरित की
The Media Wellbeing Association distributed
The Media Wellbeing Association distributed, पत्रकारों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को समर्पित मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन ने मंगलवार को शिमला में पत्रकारों को एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पॉलिसी वितरित की। इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्य के 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के पत्रकारों को पेंशन देने पर सहमत हैं।शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि एसोसिएशन ने पत्रकारों के कल्याण के लिए जो मॉडल प्रस्तुत किया है, वह देशभर के लिए प्रेरणादायी है।उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यों को देखकर उन्हें यह महसूस हुआ कि नेताओं के लिए भी इसी प्रकार का कोई संगठन होना चाहिए, जो उनके सामाजिक और व्यावसायिक हितों की रक्षा कर सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती से पत्रकार कल्याण के लिए शुरू की गई इस मुहिम के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मीडिया का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है।मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि संगठन द्वारा पत्रकारों के कल्याण के लिए जो कार्य शुरू किए गए हैं, वे दूरगामी सोच का परिचायक हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान शांतिप्रिय राज्य के रूप में है और यहां पत्रकारों तथा प्रशासन के बीच बेहतर संवाद और सहयोग का वातावरण रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सामने आज अनेक चुनौतियां हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार पत्रकारों के लिए बीमा और पेंशन योजनाओं को लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पूरी सरकार की प्राथमिकता पत्रकारों के हितों की रक्षा करना है। नरेश चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे कमजोर करने का कोई भी प्रयास उचित नहीं है।
इस मौके पर एसोसिएशन अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी और एसोसिएशन के हिमाचल प्रदेश प्रभारी एवं उत्तर भारत के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संजय भुटानी भी मौजूद रहे।
संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी और एसोसिएशन हिमाचल प्रभारी संजय भुटानी ने इस मौके पर शिक्षा मंत्री को एक मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में हिमाचल प्रदेश के पत्रकारों को हरियाणा व अन्य राज्यों की तर्ज पर पेंशन देने, सचिवालय में प्रेस रूम की व्यवस्था करने, पत्रकारों को कैशलेस हैल्थ मैडिकल की सुविधा देने और हिमाचल प्रदेश वेब पॉलिसी के अनुसार संपादकों को एक्रीडीटेशन देने की मांग की गई है।
चंद्रशेखर धरणी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था पत्रकारों को टर्म इंश्योरेंस, एक्सीडेंटल पॉलिसी, हेल्थ पॉलिसी तथा उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद पत्रकारों को चिकित्सा सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और इस बदलाव के बीच पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। संगठन इसी उद्देश्य को लेकर कार्य कर रहा है और भविष्य में देशभर में अपने दायरे का विस्तार करेगा।
पत्रकारों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण
शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान ने इस अवसर पर कहा कि देश में अब तक किसी पत्रकार संगठन ने पत्रकारों के कल्याण के लिए इतना व्यापक कार्य नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण है और ऐसे समय में मीडिया वैलबीइंग एसोसिएशन पत्रकारों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उनकी निष्पक्ष रिपोर्टिंग से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को वास्तविक स्थिति का पता चलता है, जिससे व्यवस्था में सुधार संभव होता है।