जम्मू-कश्मीर में सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन पर चलाई गोली; भारतीय सीमा में घुसकर मंडराया, जवानों की गोलीबारी के बाद वापस लौटा
Indian Army Shoots Pakistani Drone Near LoC In Poonch Jammu Kashmir
Indian Army Shoots Pak Drone: जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना एकदम अलर्ट मोड में है। सेना ने मंगलवार को पुंछ ज़िले में LoC के पास एक पाकिस्तानी ड्रोन (Pakistani Drone) पर गोलीबारी की है। यह ड्रोन अचानक भारतीय सीमा में घुसकर मंडराने आया था। लेकिन भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद वापस पाकिस्तानी सीमा में लौट गया। इस घटना के बाद सेना के जवान LoC के पास और ज्यादा अलर्ट हो गए हैं और पाकिस्तान के नापाक मंसूबो पर नजर रखने के साथ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी आए पाकिस्तानी ड्रोन
इससे पहले हाल ही के दिनों में भी बॉर्डर पर पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए थे। जिसके बाद सेना ने जरूरी कार्रवाई की थी। पाकिस्तानी ड्रोन्स की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए भारत की सिक्योरिटी एजेंसियों ने इस घटना पर ध्यान दिया है और निगरानी बढ़ा दी गई है। माना जा रहा है कि पाकिस्तानी ड्रोन्स की यह गतिविधि सीमा पार से निगरानी या किसी संदिग्ध उद्देश्य से की जा रही हो सकती है। ज्ञात रहे कि पहलगाम हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में पाकिस्तानी सेना ने कई ड्रोन भारत की तरफ छोड़े थे। जिन्हें सेना के रडार सिस्टम और डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया था।
राजौरी में चल रहा बड़ा सर्च ऑपरेशन
पुंछ ज़िले में पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि ऐसे समय पर देखी गई है, जब जम्मू-कश्मीर में बीते 15 दिनों के ज्यादा समय से राजौरी जिले के मंजाकोट सेक्टर में घने जंगल वाले इलाकों में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना के इस ऑपरेशन (Rajouri Army Operation) में CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल जवान भी संयुक्त रूप से शामिल हैं। दरअसल सेना के पास आतंकवादियों के छिपे होने का सीक्रेट इनपुट है। आतंकियों को सबक सिखाने के लिए हथियारबंद जवान चारो तरफ से घेरा डाले हुए हैं। आतंकियो का बचकर निकलना नामुमकिन है। सेना और आतंकियों के बीच किसी भी वक्त भीषण मुठभेड़ शुरू हो सकती है।
आतंकियो की हलचल पर भारतीय सेना की पैनी नजर
बता दें कि पहलगाम हमले के बाद से जम्मू-कश्मीर में आतंकियो (Terrorists) की हलचल पर भारतीय सेना की बहुत पैनी नजर है। आतंकियो को उनके नापाक मंसूबों के साथ ही कुचल दिया जा रहा है। लेकिन आतंकी अपनी नापाक हरकतों से फिर भी बाज नहीं आ रहे। हालांकि हमारी सेना भी इन्हें हर बार सबक सिखाने के तैयार है। दरअसल आतंकियों का मकसद है कि, सेना और सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए घाटी को दहलाया जाए और फिर भारत के अन्य हिस्सों में घुसकर दहशत फैलाई जाए। लेकिन सेना के जवान आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उनके इरादों को नाकाम कर दे रहे हैं।
घाटी में अब तक कई आतंकी ढेर
जहां पहलगाम हमले के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान में 100 से ज्यादा आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया तो वहीं जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ 'ऑपरेशन ऑल आउट' चलाया जा रहा है। आतंकियों के खात्मे का सिलिसला जारी है। पिछले कुछ ही दिनों में भारतीय सेना ने कई आतंकियों को ढेर किया है। सेना आतंकियों पर काल बनकर टूट रही है। हालांकि, अपने जवानों की शहादत भी हुई है। लेकिन सेना ने फैसला कर लिया है कि अब जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को पूरी तरह से साफ कर देना है। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में सेना, पैरामिलिट्री फोर्सेस और पुलिस तीनों की संयुक्त कार्रवाई देखी जा रही है।