हिमाचल को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर विशेष पैकेज दे केंद्र : प्रतिभा सिंह

Himachal as National Disaster

Himachal as National Disaster

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी से की मांग, जनता से सतर्क रहने और एक-दूसरे की मदद का किया आह्वान

शिमला। Himachal as National Disaster: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के अनुरूप प्रदेश को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए और इसके लिए विशेष आर्थिक पैकेज जारी किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से लगातार जानमाल का नुकसान हो रहा है। ऐसे हालात में केंद्र सरकार का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं, इसलिए उन्हें आपदा प्रभावित प्रदेश की विशेष मदद करनी चाहिए।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता, तब तक सभी लोगों को सतर्क रहना होगा और एहतियात बरतनी होगी ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आपदा प्रभावितों की हरसंभव मदद करें। साथ ही भाजपा नेताओं से भी आग्रह किया कि वे इस कठिन समय में राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश सरकार का सहयोग करें और राहत कार्यों में मदद करें।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस बार भी प्रदेश को करोड़ों का नुकसान हुआ है। आपदा प्रभावित सड़कों, पुलों के पुनर्निर्माण और पेयजल व बिजली आपूर्ति बहाली जैसी चुनौतियां बड़ी हैं। राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों के बावजूद राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में दिन-रात जुटी है। उन्होंने केंद्र सरकार से हरसंभव मदद की मांग की।