हिमाचल में भयानक लैंडस्लाइड, वीडियो; किन्नौर में पहाड़ टूटने से सड़क खाई में तब्दील, भारी पत्थर नीचे गिरे, नेशनल हाईवे-5 बंद

Himachal Kinnaur Landslide Horrific Video Rain Flood Alert

Himachal Kinnaur Landslide Horrific Video Rain Flood Alert

Himachal Landslide Video: मानसून की भारी बारिश के बीच हिमाचल लगातार कुदरत का कहर झेल रहा है। प्रदेश में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के चलते अब तक जान-माल का काफी ज्यादा नुकसान हो चुका है। मसलन मानसून की भारी बारिश पहाड़ी इलाकों के लिए आफत बनी हुई है। वहीं इसी बीच किन्नौर में एक और आफत देखने को मिली है। जिसे देखकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। दरअसल, किन्नौर से भयानक लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। जिसका वीडियो हैरान करने वाला है।

पहाड़ टूटने से सड़क खाई में तब्दील, भारी पत्थर नीचे गिरे

किन्नौर में इस लैंडस्लाइड की तीव्रता इतनी भीषण थी कि पहाड़ टूटने से नीचे चट्टाननुमा भारी पत्थर गिरे और नेशनल हाईवे-5 की सड़क खाई में तब्दील हो गई। सड़क बीच से पूरी तरह धंस गई और गहरी खाई बन गई। गनीमत रही कि, लैंडस्लाइड के दौरान कोई इस घटना की चपेट में नहीं आया। अगर वाहन उस समय यहां से गुजर रहे होते तो बड़ा नुकसान हो सकता था। लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। फिलहाल, सड़क के खाई बनने के बाद नेशनल हाईवे-5 बंद हो गया है। सड़क से पत्थरों और मलबे को हटाने का काम जारी है।

हिमाचल आपदाग्रस्त राज्य घोषित

कुदरत की क्रूर मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश को आपदाग्रस्त राज्य घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, हिमाचल में जिस तरह ये त्रासदी हो रही है। हमें इसके कारण ढूंढने होंगे। इसके पीछे कोई एक कारण नहीं है। जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वॉर्मिंग इसके मुख्य कारण हैं। आने वाले समय में अन्य पहाड़ी प्रदेश या पूर्वोत्तर राज्य इसे झेलेंगे और फिर आने वाले समय में इसका नुकसान सभी को झेलना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, इस ओर एक विस्तृत योजना बननी चाहिए। इसी दृष्टिकोण से विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के विशेषज्ञों की राय ली जाएगी। उन्होंने आगे कहा, फिलहाल पूरे हिमाचल प्रदेश में बारिश हो रही है, मैं हिमाचल में रह रहे लोगों और बाहर से यहां आने वाले लोगों को सलाह देना चाहूंगा कि वह नदी और नालों के किनारे ना जाएं। यदि पर्यटक हिमाचल आने में रुचि रखते हैं तो वे उन्हीं स्थानों पर जाएं जहां नदी या नालों का प्रभाव नहीं है।

हिमाचल में बारिश का दौर जारी

हिमाचल में भारी बारिश का दौर जारी है। खासकर हिमाचल के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ स्थानीय प्रशासन ने राज्य के सभी लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। खासकर हिमाचल में ऊंचाई वाले पहाड़ी जिलों में लोगों को विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है। लोगों को सुरक्षित जगहों पर और घरों में रहने की सलाह दी गई है। बहुत जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने को कहा गया है। वहीं खतरे वाले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।