Himachal Nalagarh Court Firing: नालागढ़ कोर्ट परिसर में चलीं दनादन गोलियां, पेशी पर आए आरोपी को बनाया टारगेट

हिमाचल के सोलन जिले में बड़ी घटना: नालागढ़ कोर्ट परिसर में चलीं दनादन गोलियां, पेशी पर आए आरोपी को बनाया टारगेट, पुलिस के सामने ही तमाशा कर गए हमलावर

Himachal Nalagarh Court Firing

Himachal Nalagarh Court Firing

Himachal Nalagarh Court Firing : आजकल आपराधिक तत्वों की इतनी ज्यादा जुर्रत हो गई है कि वह कोर्ट परिसर और पुलिस के सामने भी अपराध करने से हिचक नहीं रहे हैं| ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित नालागढ़ से सामने आया है| नालागढ़ कोर्ट परिसर में दनादन गोलियां चलीं हैं| बाइक सवार हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके पर अफरा-तफरी मचा दी|

हालांकि, गनीमत इतनी रही कि हमलावरों के इस गोलीकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है| इधर, हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे हैं| जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस जगह-जगह नाकेबंदी करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है| कोर्ट परिसर में अपराध को अंजाम देने की हिमाकत करने वालों को तत्परता से तलाश किया जा रहा है| साथ ही कोर्ट परिसर और आस-पास की सुरक्षा चौकन्ना कर दी गई है|

पेशी पर आए आरोपी को बनाया टारगेट

मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक पर दो हमलवार सवार होकर आए थे| इनका टारगेट नालागढ़ कोर्ट में पेशी पर आया सन्नी नाम का एक आरोपी था| जिसे कुछ दिन पहले हुए खेड़ा गोलीकांड में पेशी के लिए लाया गया था| बताया जाता है कि, पुलिस जैसे ही सन्नी नाम के इस आरोपी को कोर्ट परिसर में लेकर पहुंची| पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो हमलावरों ने अचानक सन्नी पर गोलियां चला दीं|

यह वारदात देख मौके पर पुलिस भी चौकन्ना हुई और बताया जाता है कि पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई और सन्नी को बचाया गया| लेकिन हमलावार पुलिस के हाथ नहीं लग पाए| हमलावार अपनी बाइक सड़क पर ही छोड़ आनन्-फानन में फरार हो गए| बाइक हरियाणा नंबर की बताई जाती है|

कोर्ट से करीब सौ मीटर पर थाना

बताया जाता है कि, नालागढ़ कोर्ट परिसर में यह वारदात उस वक्त बेहद चौकाती है जब यह मालूम पड़ता है कि कोर्ट परिसर से करीब सौ मीटर की दूरी पर थाना भी है| फिलहाल, इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है| पुलिस भी सड़क के आसपास लगे हुए सीसीटीवी को भी खंगालने में लगी हुई है|