Himachal Government Issues Notification

हिमाचल में बिजली सब्सिडी को लेकर सरकार की नई अधिसूचना

undefined

Himachal Government Issues Notification

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने बिजली सब्सिडी को लेकर बड़ा फैसला लागू कर दिया है। मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu द्वारा बजट में अति गरीब परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा को अब अधिसूचना जारी कर लागू कर दिया गया है। इस संबंध में ऊर्जा विभाग ने राज्य बिजली बोर्ड को निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

सरकार के अनुसार अति गरीब परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दिया जाएगा। पात्र परिवारों की सूची संबंधित विभाग द्वारा अलग से बिजली बोर्ड को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।

दो बिजली मीटर पर ही मिलेगी 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली

राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रति राशन कार्ड अधिकतम दो बिजली मीटरों पर ही 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा यदि उपभोक्ता इससे अधिक बिजली का उपयोग करते हैं तो उस पर निर्धारित सब्सिडी लागू होगी।

सरकार के निर्देशों के मुताबिक यदि किसी उपभोक्ता के पास दो से अधिक बिजली मीटर हैं तो उनमें से किन दो मीटरों पर सब्सिडी दी जाएगी, इसका चयन बिलिंग सिस्टम द्वारा रैंडम तरीके से किया जाएगा। हालांकि उपभोक्ता बिजली बोर्ड के पोर्टल या नजदीकी विद्युत उपमंडल कार्यालय में जाकर इसे बदल भी सकते हैं।

राशन कार्ड से लिंक होगी बिजली कंज्यूमर आईडी

सरकार ने सब्सिडी का लाभ लेने के लिए बिजली उपभोक्ताओं की कंज्यूमर आईडी को राशन कार्ड से लिंक करना अनिवार्य कर दिया है। जिन उपभोक्ताओं का राशन कार्ड लिंक नहीं होगा, उन्हें बिजली सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा।

कृषि क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

कृषि क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को भी सरकार ने बड़ी राहत दी है। कृषि के लिए स्वीकृत टैरिफ 5.03 रुपये प्रति यूनिट है, लेकिन सरकार द्वारा 4.73 रुपये प्रति यूनिट की सब्सिडी देने के बाद किसानों को केवल 0.30 रुपये (30 पैसे) प्रति यूनिट ही भुगतान करना होगा। हालांकि इसके साथ 105 रुपये प्रति माह का फिक्स्ड चार्ज लागू रहेगा।