हिमाचल भाजपा की चुनावी तैयारी: 'मजबूत और जिताऊ' चेहरों की तलाश; विपिन परमार संभाल रहे हैं कमान
Himachal BJP's Election Preparations
शिमला। Himachal BJP's Election Preparations: हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने जिला परिषद सदस्यों के लिए संभावित प्रत्याशियों की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर कमेटियों का गठन किया है। ये कमेटियां उम्मीदवारों की पहचान करने में जुट गई हैं।
भाजपा नेतृत्व ने जिलास्तर की कमेटियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों से मजबूत और योग्य दावेदारों के नाम भेजें। हर वार्ड के लिए संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार करने को कहा है।
समाज में पकड़ मजबूत हो
स्थानीय स्तर पर जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात कही है। पार्टी का ध्यान ऐसे चेहरों पर है, जिनकी समाज में पकड़ मजबूत हो और जो संगठन के प्रति सक्रिय रहे हों।
पार्टी हाईकमान लेगा अंतिम निर्णय
पंचायत चुनाव के लिए पार्टी की ओर से गठित कमेटी के अध्यक्ष विपिन परमार को इस प्रक्रिया की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके नेतृत्व में यह तय किया जा रहा है कि किस क्षेत्र में किस प्रकार के उम्मीदवार को उतारा जाएगा। वे जिला कमेटियों से आए नामों की समीक्षा करेंगे और अंतिम सूची तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। जिला स्तर से नाम आने के बाद पार्टी हाईकमान इन पर अंतिम निर्णय लेगा।
ये रहेगा आधार
उम्मीदवारों के चयन में संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक छवि और चुनाव जीतने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। भाजपा का उद्देश्य पंचायत स्तर पर भी मजबूत संगठन खड़ा करना और ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करना है। पार्टी की इस सक्रियता से साफ है कि पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती और रणनीतिक तरीके से उम्मीदवारों का चयन कर रही है।