करनाल के कोहंड गांव में होगा हाई-टेक ड्रोन सर्वे, 1122 हेक्टेयर भूमि का बनेगा डिजिटल नक्शा
- By Gaurav --
- Saturday, 02 May, 2026
High-Tech Drone Survey
हरियाणा के Karnal जिले के Kohand गांव में जमीन का हाई-टेक ड्रोन सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए Town and Country Planning Department Haryana ने टेंडर जारी कर एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं।
इस परियोजना के तहत करीब 1122.60 हेक्टेयर क्षेत्र का एरियल सर्वे किया जाएगा और वर्तमान भूमि उपयोग (Existing Land Use - ELU) प्लान तैयार किया जाएगा। चयनित एजेंसी ड्रोन तकनीक की मदद से पूरे क्षेत्र की मैपिंग करेगी और डेटा को GIS व AutoCAD प्लेटफॉर्म पर तैयार करेगी।
सर्वे के दौरान सड़कों, रेलवे लाइन, बिजली लाइनों, भवनों, जल स्रोतों और सरकारी जमीन समेत सभी प्रकार के इंफ्रास्ट्रक्चर की सटीक मैपिंग की जाएगी। इसके अलावा पक्की-कच्ची सड़कें, नहरें, नाले, तालाब, पेड़-पौधे, बाउंड्री वॉल, बिजली पोल और पाइपलाइन जैसी संरचनाओं को भी चिह्नित किया जाएगा।
इस डेटा को सजरा (कैडस्ट्रल) मैप के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे भविष्य की शहरी और ग्रामीण योजना में अधिक सटीकता लाई जा सकेगी। इच्छुक एजेंसियों को टेंडर जारी होने के 10 दिनों के भीतर करनाल स्थित जिला टाउन प्लानर कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। तकनीकी और वित्तीय बिड अलग-अलग जमा करनी होंगी और देरी से आने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।