मंडी में दिल दहला देने वाली वारदात: कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Heart-wrenching incident in Mandi
सरकाघाट (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में कॉलेज जा रही छात्रा की एक युवक ने निर्मम हत्या कर दी। 19 वर्षीय सिया गुलेरिया पुत्री जोगिंद्र कुमार गांव नैण डाकघर गोपालपुर तहसील सरकाघाट जिला मंडी घर से कॉलेज के लिए निकली थी। घर से एक किलोमीटर की दूरी पर ही युवती पर युवक ने दराट से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि एक युवक हुड पहनकर आया और उसने दराट से युवती की गर्दन पर हमला कर दिया। जिसने पहले युवती की बाजू पर वार किया, जिससे वह नीचे गिर गई। इसके बाद उसने गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपित गिरफ्तार
मंडी पुलिस ने आरोपित को कुछ घंटों में ही पकड़ लिया है। बताया जा रहा है आरोपित उसी गांव का निवासी है, जो वारदात के बाद अंडरग्राउंड हो गया था। पुलिस पूछताछ करते हुए व कड़ियां जोड़ते हुए आरोपित तक पहुंच गई।
आरोपित हो गया था फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। एसपी व एएसपी तुरंत सरकाघाट रवाना हो गए।
युवती की चीख सुनकर दौड़े लोग
जिस जगह यह वारदात हुई है, वहां आसपास पेड़ हैं व कुछ दूरी पर एक घर है। सड़क पर वारदात के वक्त कोई नहीं था। बताया जा रहा है लोग युवती की चीख सुनकर उस और आए तो आरोपित फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान, गुनाह माना
सीसीटीवी फुटेज से आरोपित की पहचान कर पुलिस ने लोगों की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित नशे का आदी बताया जा रहा है। हत्या क्यों की अभी इसका पता नहीं चला है। आरंभिक पूछताछ में उसने गुनाह माना है।
घटना स्थल के ठीक पास स्थित सीसीटीवी कैमरे को जब देखा गया तो उसमें आरोपित अकेला वहां से जाता हुआ दिखा। इस बावत लोगों को भी जानकारी मिली और और आरोपित की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
जंगल के रास्ते खेतों में जाकर छिपा था आरोपित
लोगों ने उसे घटनास्थल से कुछ दूरी नघला नाला के पास भागते हुए देखा और आरोपित जंगल के रास्ते खेतों में जाकर छिप गया। स्थानीय युवा और पुलिस मौके पर पहुंचे और उसे वहां से धरदबोचा। इस दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी कि, फिर उसे बांधकर लाया गया।
बद्दी में नौकरी कर चुका है आरोपित
आरोपित विकास जमा दो पास है और आइटीआइ करने के बाद बद्दी में भी नौकरी कर चुका है, लेकिन नशे की आदत के कारण वह वहां से छोड़कर आ गया था और यहां वहां घूमता रहता था।
पहले भी लड़कियों से छेड़छाड़ के लिए पीटा था आरोपित
आरोपित विकास सिया के पड़ोस के गांव में ही अपनी नानी के घर थिरो में रहता है। इसका पैतृक गांव डोडर रखो है। नशे का आदी होने के कारण अक्सर गायब रहता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गांव की लड़कियों को छेड़ने के लिए उसको ग्रामीणों ने पीटा भी था। विकास के चालचलन के कारण उसके स्वजन भी खासे परेशान हैं