हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा राज्य महिला आयोग के सामने पेश नहीं हुए, वकील को भेजा
- By Gaurav --
- Sunday, 19 Apr, 2026
Haryanvi Singer Masoom Sharma Skips
देहरादून में शो के दौरान स्टेज से आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा शनिवार को पंचकूला स्थित राज्य महिला आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए। उनकी जगह उनके वकील आयोग के सामने पहुंचे।
आयोग ने इस पर नाराज़गी जताते हुए उन्हें एक और मौका दिया है और अगली तारीख पर स्वयं उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मासूम शर्मा ने साफ कहा था कि वे फिलहाल व्यस्त हैं और आयोग के सामने पेश नहीं होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में ईमेल के जरिए सूचना दे दी गई है और गाली देने के मामले में माफी भी मांग चुके हैं।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने कहा कि मासूम शर्मा ने खुद स्वीकार किया है कि वे लंबे समय से मंच पर गालियों का इस्तेमाल करते आ रहे हैं और खुद को बड़ा कलाकार बताते हैं। आयोग ने उन्हें पहले ही समन जारी किया था और शनिवार को विशेष रूप से कार्यालय खुला रखा गया, बावजूद इसके वे पेश नहीं हुए।
अब आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अगली सुनवाई में उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।