जन जन की आकांक्षाओं को पूरा करता हरियाणा का ऐतिहासिक बजट: पंडित मोहालाल
Haryana's historic budget fulfils the aspirations of the people
हरियाणा का बजट समृद्ध, सुखद और सम्पन्न प्रदेश के सपने को साकार करेगा: पंडित मोहनलाल
2026-27 का यह ऐतिहासिक बजट हरियाणा प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम है। यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ अधोसंरचना को मजबूती देगा । माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरन्तर विकास, सुशासन और ग़रीब कल्याण के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है,मोदी सरकार की उसी सोच को साकार करते हुए हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री सैनी जी के ओजस्वी नेतृत्व में यह बजट तैयार किया है। यह बजट ‘विकसित भारत’ के संकल्प में हरियाणा की अग्रणी भूमिका सुनिश्चित करेगा। 2 लाख 23 हजार 658.17 करोड़ रुपए का जो वार्षिक बजट पेश किया गया वह समस्त हरियाणावासियों के लिए होली के पवित्र त्योहार पर तोहफ़े के समान हैं। सरकार ने इस वित्त वर्ष में लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने, महिलाओं के नाम वाहन खरीदने में एक फीसद की छूट, प्रदेश में सात नए महिला थाने बनाने, गुरुग्राम में नारी मंडपम की स्थापना व छात्राओं के लिए बसों की संख्या दोगुनी करने के प्रावधान किए गए। बजट में युवाओं और किसानों के लिए भी कई विशेष प्रावधान किए गए। साथ ही शिक्षा, कृषि तथा बुनियादी ढांचा के विकास पर खास ध्यान रखा गया है। बजट में 29 हजार 266.62 करोड़ रुपए खाद्य अदायगी राशि के रूप में रखे गए हैं। इसके अलावा पेंशन के लिए 17 हजार 430 करोड़ रुपए आरक्षित रखे गए हैं। मुख्यमंत्री सैनी जी ने 13 बजट पूर्व बैठकों के माध्यम से कुल 2,199 सुझाव तथा कृत्रिम मेधा चैटबॉट से 12 हजार 400 सुझाव प्राप्त किए। इनमें से पांच हजार सुझावों को इस महत्वपूर्ण बजट में शामिल किया गया है।
बजट की खास बात यह है कि वित्त मंत्री जी ने प्रदेश के लगभग सभी विभागों के लिए घोषणाएं की हैं। कृषि क्षेत्र के लिए एक नई बिजली वितरण कंपनी की स्थापना के अलावा 100 करोड़ रुपए का हरित जलवायु लचीलापन कोष बनाने और राज्य पुलिस बल में अग्निवीरों के लिए 20 फीसद आरक्षण देने का प्रस्ताव किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष 1,300 अग्निवीरों की विशेष भर्ती भी की जाएगी। हरियाणा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल में 1,149 कर्मियों को शामिल किया जाएगा और अधिकतम भागीदारी अग्निवीरों की सुनिश्चित होगी।बजट में हरियाणा के प्रत्येक ग्रामीण परिवार को प्रति वर्ष 125 दिनों के वेतन-आधारित रोजगार की गारंटी देने के लिए 610 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। हरियाणा के हरेक विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत ‘आदर्श परीक्षा केंद्र’ स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया हैं। पहला केंद्र कुरुक्षेत्र में 25 दिसंबर, 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा। किसानों को बड़ी सौगात देते हुए कृषि क्षेत्र में पिछले साल ‘मेरा पानी-मेरी विरासत योजना’ के तहत धान की खेती छोड़ने वाले किसानों को प्रति एकड़ 8,000 रुपए का प्रोत्साहन दिया गया था। अब 2026-27 में ऐसे किसानों को, जो धान के बजाय दाल, तिलहन और कपास उगाएंगे, प्रति एकड़ अतिरिक्त 2,000 रुपए बोनस दिया जाएगा। हरियाणा के रेवाड़ी और अंबाला में 300-300 करोड़ की लागत से दो नए दुग्ध संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इन दोनों संयंत्रों की पांच लाख लीटर प्रतिदिन दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता होगी। हिसार में हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा। प्रदेश में सात नए पशु औषधालय खोले जाएंगे। बीमारियों से बचाव व रोकथाम और पशुपालकों को प्रशिक्षण देने के लिए हिसार में एक बहुउद्देशीय पशुपालन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा।प्राकृतिक/जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए एपीडा प्रमाणित किसानों को ₹10,000 प्रति एकड़ वार्षिक अनुदान मिलेगा। 8 लाख नलकूपों की गुणवत्ता जांच के लिए तीन वर्षीय योजना शुरू होगी। इसके अलावा केंद्र सरकार की तर्ज पर हरियाणा में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा दी जाएगी। मुख्यमंत्री जी ने 14 हजार करोड़ से स्वास्थ्य प्रणाली को बदलने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का ऐलान किया। दवा नमूनों की जांच के लिए पंचकूला व करनाल में दो नई औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएं खोली जाएंगी। हरियाणा सरकार ने स्थानीय निकायों के पार्षदों को पहली बार वित्तीय अधिकार दिए हैं। नायब सैनी जी ने पार्षद आपातकालीन कोष स्थापित करने का अकल्पनीय ऐलान किया है। अब नगर निगम के पार्षदों के लिए छह लाख, नगर परिषद के पार्षदों के लिए तीन लाख तथा नगर पालिका के पार्षदों के लिए डेढ़ लाख रुपए सालाना का कोष तैयार किया जाएगा। इस राशि का इस्तेमाल कोई भी पार्षद विकास कार्यों के लिए कर सकेगा। वित्त मंत्री ने पानी व सीवर के बिलों पर 140 करोड़ का सरचार्ज माफ करने का ऐलान भी किया है।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के कुशल नेतृत्व और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हरियाणा निरंतर प्रगति एवं विकास के पथ पर आंगे बढ़ते हुए कीर्तिमान स्थापित करते हुए हरियाणा का यह बजट समृद्ध, सुखद और सम्पन्न प्रदेश के सपने को साकार करेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत जिस गति से विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बना रहा है, उसी संकल्प और उसी प्रेरणा के साथ हरियाणा भी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।