सुदेश भण्डारी जयन्ती पर सी.पी.आर. प्रशिक्षण का आयोजन
CPR training organized on the Occasion of Sudesh Bhandari Jayanti
पलवल। दयाराम वशिष्ठ: सुदेश भण्डारी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा जिला कारागार पलवल में सी.पी.आर. प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट के जिला संयोजक पण्डित ललित आजाद तथा सह संयोजक महावीर पण्डित सीहा द्वारा किया गया। रेड क्रॉस सोसाइटी पलवल द्वारा सी.पी.आर. प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर जिला कारागार पलवल के उप अधीक्षक दिनेश यादव, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार तथा वरिष्ठ औषधालय अधिकारी विजय कालड़ा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सी.पी.आर. का प्रशिक्षण देते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी पलवल की जिला प्रशिक्षण अधिकारी नीतू सिंह ने कहा कि जीवन में सी.पी.आर. प्रशिक्षण बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करता है।
जब किसी भी आपातकालीन स्थिति में व्यक्ति की श्वांस और धड़कन बंद हो जाए तो सी. पी.आर. के माध्यम से हम उस व्यक्ति की जान बचा सकते हैं। उन्होंने कहा की समाज में विभिन्न प्रकार की दुर्घटनाएं घटित हो जाती हैं। उस समय एम्बुलेंस अथवा डाॅक्टरी सहायता पहुंचाने में कुछ मिनट का समय लगता है। वो चार या पांच मिनट संबंधित व्यक्ति के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होते हैं। इन चार या पांच मिनट में सी.पी.आर. के माध्यम से घायल अथवा पीड़ित व्यक्ति को जीवनदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के संयोजक पण्डित ललित आजाद ने बताया कि सुदेश भंडारी ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को सी.पी.आर. का प्रशिक्षण देना है। वर्तमान में मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। उनके पिताजी सुदेश भंडारी जी की जयन्ती के अवसर पर आज हरियाणा राज्य के सभी जिलों में सी.पी.आर. प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी सी.पी.आर. प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ट्रस्ट द्वारा जिला कारागार उप अधीक्षक को सम्मान प्रतीक भेट किया गया। प्रशिक्षण सीखने उपरांत कारागार के आठ बन्दियों ने भी स्वयं सी.पी.आर. प्रदर्शन किया।