विश्व विटिलिगो जागरूकता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, सफेद दाग को लेकर भ्रांतियां दूर करने का दिया संदेश

World Vitiligo Awareness Day

World Vitiligo Awareness Day

फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: World Vitiligo Awareness Day: विश्व विटिलिगो जागरूकता दिवस पर फरीदाबाद के सेक्टर 16 स्थित मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को विटिलिगो (सफेद दाग) के प्रति जागरूक करना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि विटिलिगो न तो छुआछूत की बीमारी है और न ही जानलेवा। समय पर पहचान और आधुनिक उपचार से इसके प्रभाव को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल के सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अनिल के. वी. मिंज ने कहा कि विटिलिगो एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली त्वचा को रंग देने वाली मेलानोसाइट कोशिकाओं पर हमला कर देती है। इसके कारण त्वचा पर सफेद धब्बे दिखाई देने लगते हैं। उन्होंने कहा कि चेहरे, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर दिखने वाले सफेद दाग को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और जल्द से जल्द त्वचा विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
डॉ. मिंज ने बताया कि वर्तमान में विटिलिगो के इलाज के लिए स्टेरॉयड और नॉन-स्टेरॉयड क्रीम, इम्यूनोमॉड्यूलेटरी दवाएं तथा नैरोबैंड यूवीबी और यूवीए जैसी आधुनिक लाइट थेरेपी उपलब्ध हैं। मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार तय किया जाता है और समय पर इलाज शुरू होने पर त्वचा का रंग काफी हद तक वापस लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि विटिलिगो शरीर को कोई प्रत्यक्ष नुकसान नहीं पहुंचाता और यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता। हालांकि सामाजिक पूर्वाग्रहों और गलत धारणाओं के कारण मरीजों को मानसिक तनाव और आत्मविश्वास में कमी का सामना करना पड़ता है। इसलिए समाज में जागरूकता बढ़ाने और मरीजों को भावनात्मक सहयोग देने की आवश्यकता है।
अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से अपील की कि सफेद दाग को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या घरेलू उपचार पर भरोसा करने के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक से सलाह लें। प्रबंधन ने कहा कि सही जानकारी, समय पर जांच और आधुनिक उपचार के माध्यम से विटिलिगो से प्रभावित लोगों को बेहतर जीवन जीने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विशेषज्ञों से अपने सवाल भी पूछे और त्वचा संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।