नगर निगम चुनाव: अंबाला मेयर सीट महिला बीसी-बी रिजर्व, पंचकूला-सोनीपत रहेगी ओपन

Municipal Corporation Elections

Municipal Corporation Elections

यूएलबी मुख्यालय में निकाला गया ड्रा, हुई वीडियो ग्राफी
रेवाड़ी नगर परिषद एससी महिला, धारूहेड़ा ओपन, उकलाना महिला ओपन और सांपला को ओपन

अर्थ प्रकाश आदित्य शर्मा
पंचकूला। Municipal Corporation Elections: 
हरियाणा में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव के मद्देनजर बुधवार को शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालाय में निकाले गए मेयर सीट के ड्रा में अंबाला मेयर सीट महिला बीसी-बी जबकि पंचकूला और सोनीपत सीटें ओपन रहेगी। ड्रा प्रक्रिया की वीडियो ग्राफी भी हुई। निगम के साथ ड्रा में रेवाड़ी नगर परिषद एससी महिला, धोरूहेड़ा ओपन, उकलाना महिला ओपन और सांपला को ओपन रखा गया है। आईएएस वीरेंद्र दहिया की अगुआई में बनी कमेटी ने ये ड्रा निकाला। प्रदेश में 6 निकाय सीटों पर उपचुनाव भी होंगे। इनमें टोहाना, झज्जर, राजौंद, कनीना, तरावड़ी, सढौरा और करनाल शामलि हैं। पंचकूला नगर निगम का पांच वर्ष का कार्यकाल इसी माह 4 जनवरी को, सोनीपत नगर निगम का गत 6 जनवरी को जबकि अम्बाला नगर निगम  का बीते सप्ताह  13 जनवरी को पूरा हो गया है। इसी कारण 2 जनवरी को प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा जारी एक आदेशानुसार अम्बाला, पंचकूला और सोनीपत  नगर निगमों  के अगले  आम चुनाव सम्पन्न होने और उसके बाद नव-निर्वाचित सदन की पहली बैठक होने तक तीनों नगर निगमों के कमिश्नरों को उनकी सम्बंधित नगर निगम का एडमिनिस्ट्रेटर ( प्रशासक) नियुक्त किया गया है। 

सरकार ने दी चुनाव की मंजूरी

हरियाणा सरकार की तरफ से चुनाव आयोग को निकाय चुनाव करवाए जाने की मंजूरी दे दी है। बीती 10 जनवरी को चुनाव आयोग की तरफ से हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर चुनाव करवाए जाने बारे लिखा था। अब मेयर सीटों के निकाले गए ड्रा के बाद चुनाव आयोग द्वारा जल्द चुनाव की घोषणा की जा सकती है। राज्य चुनाव आयोग की तरफ से 27 जनवरी को विशेष बैठक बुलाई है, जिसमें निगमों, परिषद और उपचुनावों को लेकर मंथन होगा। माना जा रहा है कि सरकार की मंजूरी मिलने के बाद आयोग कभी भी इलेक्शन अनाउंस कर सकता है।

आठ नगर निगमों की मौजूदा स्थिति

गत  वर्ष  1 जनवरी 2025 को  प्रदेश सरकार के गजट में प्रकाशित एक नोटिफिकेशन के जरिए राज्य की 8 नगर निगमों फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार करनाल, मानेसर,  पानीपत, रोहतक और  यमुनानगर के मेयर पद पर आरक्षण  हेतु  26 दिसम्बर 2024 को किये गये ड्रा को अधिसूचित किया गया था, जिसमें यमुनानगर और रोहतक नगर निगम के मेयर का पद अनुसूचित जाति (एस.सी.) वर्ग के लिए एवं जिसमें से यमुनानगर नगर निगम मेयर का पद अनुसूचित जाति (एस.सी.-महिला) के लिए आरक्षित किया गया था। वहीं  गुरुग्राम नगर निगम मेयर का पद पिछड़ा वर्ग (बी.सी.- ए महिला ) के लिए जबकि शेष पांच फरीदाबाद, हिसार, पानीपत, करनाल मानेसर नगर निगमों के मेयर का पद अनारक्षित निर्धारित किया गया। हालांकि, इन पांच में से फरीदाबाद नगर निगम मेयर का पद महिला के लिए आरक्षित हुआ।

सांसद का एतराज

बुधवार को पंचकूला में अंबाला संसदीय सीट से सांसद वरूण चौधरी ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा निकाले ड्रा पर यह कहते हुए ऐतराज जताया कि सरकार ने साल 2024 के दिसंबर में 11 नगर निगमों में से 8 सीटों पर आरक्षण के लिए एक साथ ड्रा करवाया था, पंचकूला, अंबाला और सोनीपत सीटों को क्यों छोड़ दिया गया। इससे सरकार की मंशा साफ हो गई है।