हरियाणा में कौन-कौन बना मंत्री; मंत्रिमंडल विस्तार में इन विधायकों को मिली जगह, CM नायब सैनी की कैबिनेट में दिखेंगे ये चेहरे

Haryana Cabinet Expansion BJP New Ministers List Update

Haryana Cabinet Expansion BJP New Ministers List Update

Haryana Cabinet Expansion: लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। हिसार से विधायक डॉ कमल गुप्ता समेत कुल 8 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। इन 8 विधायकों में कमल गुप्ता कैबिनेट मंत्री और बाकी 7 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बने हैं। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। जहां राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने इन सभी विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.

मंत्रिमंडल विस्तार में इन विधायकों को मिली जगह

सबसे पहले हिसार से विधायक डॉ कमल गुप्ता ने मंत्री पद की संस्कृत में शपथ ली और फिर इसके बाद बड्खल से विधायक सीमा त्रिखा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), अंबाला शहर से विधायक असीम गोयल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), नांगल चौधरी सीट से विधायक अभय यादव राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), थानेसर से विधायक सुभाष सुधा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बवानी खेड़ा के विधायक विशंभर सिंह वाल्मीकि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और सोहना-ताओरू के विधायक संजय सिंह ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की शपथ ली।

ज्ञात रहे कि इससे पहले कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, चौधरी रंजीत सिंह चौटाला, जय प्रकाश दलाल और बनवारी लाल 12 मार्च को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। 12 मार्च को जब नायब सैनी ने हरियाणा सीएम पद की शपथ ली थी। तो इस दौरान सैनी के साथ-साथ इनहोने मंत्री पद की शपथ ली थी। इससे पहले ये सभी मनोहर लाल के सीएम रहते भी मंत्री रहे हैं। मनोहर लाल के सीएम पद से इस्तीफे के साथ पूरी कैबिनेट के साथ इन सभी ने इस्तीफा दे दिया था।

शपथ समारोह में पूर्व गृह मंत्री अनिल विज नजर नहीं आए

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य रूप से राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के साथ CM नायब सैनी के अलावा हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल, स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता समेत पार्टी के अन्य कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि, इस दौरान पूर्व गृह मंत्री अनिल विज नजर नहीं आए। विज के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल न होने की आशंका पहले ही जताई जा रही थी। बहराल समारोह में शामिल न होकर विज ने एक बार अपनी नाराजगी जता दी है।