हरियाणा में 15 IAS अधिकारियों के तबादले, IDFC बैंक फ्रॉड से जुड़े तीन अफसर साइडलाइन
- By Gaurav --
- Thursday, 09 Apr, 2026
Haryana Transfers 15 IAS Officers,
हरियाणा सरकार ने बुधवार देर रात 15 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस कार्रवाई को कई अधिकारियों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है। खास बात यह है कि आईडीएफसी बैंक फ्रॉड मामले में सीबीआई जांच की संभावित मंजूरी से पहले तीन आईएएस अधिकारियों पर सरकार ने कार्रवाई करते हुए उन्हें अहम पदों से हटा दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त प्रधान सचिव (एपीएस) आईएएस साकेत कुमार को उनके सभी प्रमुख पदों से हटाकर अभिलेखागार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अजय कुमार को मुख्यमंत्री का डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी-2 (नया पद) नियुक्त किया गया है।
सीनियर आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल और डी.के. बेहरा को भी महत्वपूर्ण विभागों से हटाकर अन्य पदों पर लगाया गया है। पंकज अग्रवाल को आर्किटेक्चर विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है, जबकि डी.के. बेहरा को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। चर्चा है कि इन तीनों अधिकारियों का नाम आईडीएफसी बैंक फ्रॉड मामले में सामने आया है और ये पहले पंचायत विभाग में तैनात रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने इन अधिकारियों के खिलाफ धारा 17ए के तहत कार्रवाई के लिए मंजूरी मांगी है।
अन्य तबादलों में विनीत गर्ग को हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के चेयरमैन पद से हटाकर प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। अनुराग अग्रवाल को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के साथ-साथ सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव और हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड का सलाहकार भी नियुक्त किया गया है।
विजयेन्द्र कुमार को विकास एवं पंचायत विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। राजीव रंजन को लेबर और यूथ एम्पावरमेंट विभाग के साथ सहकारिता विभाग का प्रिंसिपल सेक्रेटरी भी नियुक्त किया गया है।
सी.जी. राजिनी कंथन को वित्त विभाग के साथ माइंस एवं जियोलॉजी विभाग का कमिश्नर एवं सेक्रेटरी बनाया गया है। जे. गणेशन को हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का चेयरमैन और पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग का कमिश्नर एवं सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है।
अतुल कुमार को ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के साथ वित्त विभाग (हरियाणा-1) का कमिश्नर एवं सेक्रेटरी बनाया गया है। मनी राम शर्मा को स्वास्थ्य विभाग का सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. आदित्य दहिया को हरियाणा पावर जेनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड का एमडी बनाया गया है।
जिला स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। अजय कुमार को गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर पद से हटाकर मुख्यमंत्री का डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी-2 बनाया गया है। उत्तम सिंह को गुरुग्राम का डिप्टी कमिश्नर और श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड का मुख्य प्रशासक नियुक्त किया गया है। वहीं आनंद कुमार शर्मा को करनाल का डिप्टी कमिश्नर और करनाल स्मार्ट सिटी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।