अंबाला में वाहन पंजीकरण घोटाले के बाद हरियाणा में सख्ती, सभी कार्यालयों की होगी जांच
Haryana tightens its grip after Ambala vehicle registration scam
चंडीगढ़। अंबाला में वाहनों के पंजीकरण में फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद अब प्रदेश सरकार सभी एसडीएम और आरटीओ कार्यालयों की जांच कराएगी। परिवहन मंत्री अनिल विज ने अंबाला जिले के चारों एसडीएम कार्यालयों में बड़े स्तर पर वाहनों के पंजीकरण में धांधली की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी एसडीएम कार्यालयों तथा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों की गहन जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से करवाई जाए।
परिवहन मंत्री ने राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। अंबाला में एसडीएम कार्यालयों के माध्यम से तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों में अधूरे पतों पर वाहनों के पंजीकरण के मामले सामने आए हैं, जिनकी जांच जारी है।
विज का मानना है कि इस प्रकार की अनियमितताएं केवल अंबाला तक सीमित नहीं हो सकतीं, बल्कि राज्य के अन्य उपमंडल कार्यालयों और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में भी हो सकती हैं। इसलिए पूरे राज्य स्तर पर जांच आवश्यक है।
परिवहन मंत्री ने वाहनों में बिना तिरपाल लगाए धूल, रेत, मिट्टी तथा अन्य ढीले निर्माण सामग्री ढोने के मामलों पर भी कड़ा रुख अपनाया है। ऐसे सभी ट्रक या परिवहन वाहनों को तिरपाल या अन्य उपयुक्त साधनों से अनिवार्य रूप से ढकना होगा।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत चालान किया जाएगा। साथ ही ट्रांसपोर्टरों और चालकों को इस विषय में जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्राइवेट स्टेज कैरिज आपरेटरों द्वारा स्कीम की शर्तों के उल्लंघन की कई शिकायतें सरकार के पास पहुंची हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कीम के तहत परमिट धारकों को अपनी बसों में छात्रों, रियायती तथा फ्री-पास धारकों को यात्रा सुविधा प्रदान करना अनिवार्य है और इसके लिए सरकार की ओर से कोई सब्सिडी नहीं दी जाएगी।
इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। शहरों में भारी वाहनों के अनधिकृत प्रवेश पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अक्सर समय और ईंधन बचाने के लिए भारी वाहन शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों एवं सेक्टरों की ओर मुड़ जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है तथा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।